देहरादून। सहसपुर विकासखंड के ग्राम कैचीवाला निवासी प्रगतिशील किसान बेनी सिंह आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर क्षेत्र के किसानों के लिए प्रेरणा बन गए हैं। लगभग चालीस बीघा कृषि भूमि पर खेती करने वाले बेनी सिंह ने कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाकर खेती को आधुनिक बनाया और अतिरिक्त आय अर्जित कर आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।
कृषि विभाग की “सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना” के अंतर्गत उन्हें रीपर कम बाइन्डर मशीन पर 2.57 लाख रुपये का अनुदान प्रदान किया गया। इसके अलावा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना के तहत वर्ष 2025-26 में उन्हें डीबीडब्ल्यू-187 एवं डीबीडब्ल्यू-327 किस्म का दो कुंतल उन्नत गेहूं बीज भी उपलब्ध कराया गया।
बेनी सिंह ने विभागीय विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में वैज्ञानिक तरीके से गेहूं की बुवाई की, जिससे फसल उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। फसल कटाई के लिए रीपर कम बाइन्डर मशीन का उपयोग करने से खेती का कार्य पहले की तुलना में अधिक तेज, सरल और किफायती हो गया। उन्होंने बताया कि पहले कटाई पर लगभग 1300 रुपये प्रति बीघा खर्च होता था और छह से सात दिन का समय लगता था, जबकि अब यही कार्य मात्र एक दिन में पूरा हो जाता है।
बेनी सिंह ने अपनी मशीन का उपयोग अन्य किसानों की लगभग 120 बीघा फसल की कटाई में भी किया। इससे उन्हें 900 रुपये प्रति बीघा की दर से करीब 1.08 लाख रुपये की अतिरिक्त आय प्राप्त हुई। आधुनिक कृषि यंत्रों और उन्नत तकनीकों के प्रयोग से वे आर्थिक रूप से सशक्त बने हैं तथा अन्य किसानों को भी यंत्रीकृत खेती अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *