Writing
देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासनिक और चुनावी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। प्रदेश की 70 सदस्यीय विधानसभा का वर्तमान कार्यकाल 28 मार्च 2027 को समाप्त हो रहा है। इसे देखते हुए निर्वाचन विभाग ने चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रारंभिक स्तर पर कवायद शुरू कर दी है।
चुनाव की तैयारियों के तहत मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। वहीं प्रदेशभर में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। निर्वाचन से जुड़े अधिकारी मतदान प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए व्यवस्थाओं की समीक्षा में जुटे हैं।
संभावना जताई जा रही है कि उत्तराखंड विधानसभा के आगामी चुनाव मार्च 2027 के पहले सप्ताह में कराए जा सकते हैं। संभावित रूप से 5 से 10 मार्च के बीच मतदान की चर्चा है। इसी क्रम में जनवरी के अंतिम सप्ताह में आदर्श आचार संहिता लागू होने की संभावना भी व्यक्त की जा रही है। हालांकि, ये तिथियां अभी अनुमान पर आधारित हैं।
निर्वाचन आयोग चुनाव कार्यक्रम निर्धारित करते समय प्रदेश की बोर्ड परीक्षाओं, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और हरिद्वार और प्रयागराज में आयोजित होने वाले मेले जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियों को भी ध्यान में रख रहा है, ताकि चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
फिलहाल भारत निर्वाचन आयोग की ओर से उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की आधिकारिक तारीखों की घोषणा नहीं की गई है। आयोग द्वारा संबंधित राज्यों की चुनावी तैयारियों की समीक्षा और आवश्यक दौरे पूरे किए जाने के बाद ही चुनाव कार्यक्रम घोषित किया जाएगा। ऐसे में प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ प्रशासनिक महकमे में भी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज होने लगी है।

