ऑपरेशन प्रहार’: शराब पीकर वाहन चलाने वाले दो गिरफ्तार

हरिद्वार। एसएसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत रानीपुर कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो युवकों को नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा। पुलिस ने शिवालिक नगर निवासी मुकेश सोही और बिजनौर निवासी सौरभ का मेडिकल कराने के बाद एमवी एक्ट के तहत चालान किया। पुलिस ने उनकी स्कूटी और मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है।

पथरी के नए थानाध्यक्ष रविंद्र चौधरी का भव्य स्वागत

हरिद्वार। पथरी थाने के नवनियुक्त थानाध्यक्ष रविंद्र चौधरी का भाजपा ओबीसी मोर्चा और राष्ट्रीय कवि संगम के पदाधिकारियों ने स्वागत किया। भाजपा नेता विपिन चौधरी और राकेश चौधरी ने उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट कर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि रविंद्र चौधरी की कार्यकुशलता और कर्तव्यनिष्ठा से क्षेत्र की कानून व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान होगा।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से हरिद्वार के व्यापार पर पड़ी मार

हरिद्वार। चारधाम यात्रा शुरू होने के बावजूद हरिद्वार के व्यापारी मंदी की मार झेल रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे बनने के कारण यात्री अब सीधे देहरादून निकल रहे हैं, जिससे हरिद्वार के होटलों और बाजारों में 40% तक कारोबार घट गया है। खाड़ी युद्ध के चलते गैस की किल्लत और मंदी को देखते हुए होटल व ट्रैवल कारोबारियों ने सरकार से टैक्स में छूट देने की मांग की है।

वेतन न मिलने पर आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कर्मियों ने दी आंदोलन की चेतावनी

हरिद्वार। आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कर्मचारियों को पिछले दो माह से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है। ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज में हुई बैठक में चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि वेतन न मिलने से बच्चों की फीस और बैंक की किस्तें अटक गई हैं। कर्मचारियों ने आयुष मंत्री को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है और जल्द समाधान न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *