नैनीताल में 14 स्थानों पर आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल सम्पन्न, परखी गई बचाव तैयारियां
हल्द्वानी। आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद नैनीताल के 14 विभिन्न स्थानों पर आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल आयोजित की गई। अभ्यास के दौरान भूकंप, अग्निकांड, शॉर्ट सर्किट से आग, सुरंगों में चट्टान टूटने व जलभराव, रासायनिक रिसाव और भगदड़ जैसी स्थितियों का कृत्रिम घटनाक्रम तैयार कर राहत व बचाव कार्यों का परीक्षण किया गया।
बी.डी. पाण्डे जिला चिकित्सालय नैनीताल में भूकंप, रामदत्त जोशी जिला चिकित्सालय रामनगर में शॉर्ट सर्किट से आग, वॉक-वे मॉल हल्द्वानी में भूकंप के बाद अग्निकांड, जमरानी बांध स्थल पर सुरंग में जलभराव व चट्टान टूटने, पेपर मिल लालकुआं में रासायनिक रिसाव तथा श्रीकैंचीधाम में भगदड़ का अभ्यास हुआ। इसके अलावा कालाढूंगी, कसियालेख, गरगड़ी, खैरना, नथुवाखान, भवाली, रामनगर और हल्द्वानी के विभिन्न इंटर कॉलेजों में भूकंप से जुड़ी परिस्थितियों का मॉक अभ्यास किया गया।उ पजिलाधिकारियों और तहसील स्तरीय इंसिडेंट रिस्पांस सिस्टम टीमों के नेतृत्व में पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य, अग्निशमन, राजस्व, पीडब्ल्यूडी, विद्युत, परिवहन और नगर निकायों ने घायलों को निकालने, प्राथमिक उपचार, अस्पताल पहुंचाने और विभागीय समन्वय का अभ्यास किया। गतिविधियों का मोबाइल लाइव स्ट्रीमिंग से निरीक्षण भी किया गया। डिब्रीफिंग में अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने कहा कि सुधार की गुंजाइश हमेशा रहती है और वास्तविक आपदा में रिस्पॉन्स टाइम और बेहतर होना चाहिए। इस दौरान एसपी संचार रेवाधर मठपाल, उप जिलाधिकारी डॉ. अमृता सिंह और जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाने के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल की सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए परिवहन विभाग, पुलिस, जिला प्रशासन और सड़क निर्माण विभागों को समन्वित व प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनहानि रोकना सभी विभागों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाने को कहा। तेज गति, ओवरलोडिंग, नशे में ड्राइविंग, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग तथा हेलमेट व सीट बेल्ट नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पर्वतीय मार्गों पर वाहनों की फिटनेस, यात्री क्षमता और ड्राइविंग लाइसेंस की नियमित जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।उन्होंने पूर्व दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण कर दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित करने और पर्वतीय मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा विभागों की जवाबदेही तय कर नियमित समीक्षा की जाए।

