छह विद्यालयों में आपदा प्रबंधन मॉक अभ्यास आयोजित
हरिद्वार: आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर हरिद्वार के छह विद्यालयों—राजकीय इंटर कॉलेज ज्वालापुर, श्यामपुर, सिकंदरपुर भगवानपुर, भोगपुर, बीएसएम इंटर कॉलेज रुड़की और केवी इंटर कॉलेज लक्सर—में जनपद स्तरीय मॉक अभ्यास कराया गया। इस दौरान छात्रों और शिक्षकों को भूकंप के समय ‘डक-कवर-होल्ड’ तकनीक, सुरक्षित निकासी, घायलों के रेस्क्यू व प्राथमिक उपचार तथा अग्निकांड से बचाव और अग्निशमन यंत्रों के उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया।
पांडेवाला में जूना अखाड़े की धूनियां प्रज्वलित, कुंभ तैयारियों को मिली गति
हरिद्वार: देव दीपावली के अवसर पर श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़े के रमता पंचों ने पांडेवाला स्थित प्रवास स्थल पर पारंपरिक धार्मिक गतिविधियां शुरू कर दी हैं। अखाड़े के इष्टदेव व पारंपरिक शस्त्रों की स्थापना, चार मढ़ियों के गठन और धूनियों के प्रज्वलन के साथ कुंभ मेला-2027 की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। मेला प्रशासन के अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण कर अखाड़े के पदाधिकारियों से व्यवस्थाओं व छावनी स्थापना पर चर्चा की, जिस पर अखाड़े ने संतोष जताते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

बाल विवाह रोकना प्रत्येक नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी
हरिद्वार: ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के तहत विकास भवन सभागार में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और इसे रोकने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डॉ. सिमरनजीत कौर ने कानूनी सहायता का भरोसा दिलाते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के उपयोग की अपील की, जबकि जिला प्रोबेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया ने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सामूहिक जागरूकता पर जोर दिया।

शांतिकुंज में कार्तिक पूर्णिमा पर दीपमहायज्ञ, 250 से अधिक कार्यकर्ता सम्मानित
हरिद्वार: कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में हजारों गायत्री परिजनों की उपस्थिति में भव्य दीपमहायज्ञ का आयोजन किया गया। इस दौरान परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी समारोह में विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी निभाने वाले 250 से अधिक कार्यकर्ताओं को संस्था की अधिष्ठात्री श्रद्धेया शैलदीदी ने सम्मानित किया और उनके सेवाभाव की सराहना की।
पतंजलि में कोब्से का राष्ट्रीय सम्मेलन शुरू, 37 शिक्षा बोर्ड शामिल

हरिद्वार: पतंजलि योगपीठ में 25 से 27 नवंबर तक चलने वाले कोब्से (COBSE) के तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ हुआ, जिसकी मेजबानी भारतीय शिक्षा बोर्ड कर रहा है। ‘छात्रों में सामाजिक-भावनात्मक विकास एवं कल्याण की चुनौतियां’ विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में देश के 37 शिक्षा बोर्डों के साथ कई देशों के प्रतिनिधि भी भाग ले रहे हैं। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने परीक्षा व मूल्यांकन प्रणाली में सुधार पर बल दिया, वहीं स्वामी रामदेव ने संस्कारयुक्त व मूल्य आधारित शिक्षा तथा आचार्य बालकृष्ण ने बच्चों के समग्र विकास पर जोर दिया।
हिमालय की चुनौतियों पर एम.के.पी. कॉलेज में राष्ट्रीय संगोष्ठी
देहरादून: एम.के.पी.पी.जी. कॉलेज में भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद के सहयोग से हिमालयी क्षेत्र की सामाजिक, राजनीतिक, पर्यावरणीय और जैव विविधता चुनौतियों पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की गई। वक्ताओं ने हिमालय के संरक्षण के लिए पारंपरिक लोकज्ञान व आधुनिक विज्ञान के समन्वय, विकास व पर्यावरण में संतुलन और स्थानीय समुदायों की भागीदारी को आवश्यक बताया।


