जगजीतपुर में भाजपा ने मनाया संविधान गौरव दिवस, अंबेडकर को किया नमन
हरिद्वार। जगजीतपुर स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में संविधान गौरव दिवस का आयोजन उत्साह के साथ किया गया। इस मौके पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संविधान शिल्पी डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे व्यापक और सशक्त संविधान है, जिसने सामान्य और गरीब वर्ग के नागरिक को भी सर्वोच्च पदों पर पहुंचने का अवसर और सपना देखने का संबल दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र पर काम करती है और तुष्टिकरण के बजाय संतुष्टिकरण की नीति अपनाती है। आशुतोष शर्मा के अनुसार, जरूरतमंदों को राशन, आवास, स्वास्थ्य सुविधाएं और बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराना ही पार्टी का मूल संकल्प है। विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि संविधान की प्रति लेकर चलने वालों ने ही इसके सम्मान को ठेस पहुंचाई है, जबकि भाजपा इसके संरक्षण के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र सिंह चौहान ने इस आयोजन को संकल्प दिवस बताते हुए कहा कि कार्यकर्ता संवैधानिक मूल्यों के साथ-साथ केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि हरिद्वार जिला संगठन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की नीतियों को घर-घर तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट ने किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष तरुण नैय्यर, सीमा चौहान, निपेंद्र चौधरी, रेशु चौहान, बिंदर पाल, पारुल चौहान, राजीव भट्ट, गौरव वर्मा, धर्मेंद्र सिंह चौहान, चित्र कुमार सैनी, नकलीराम सैनी, मनोज शर्मा, निर्मल सिंह, प्रताप प्रधान, कैलाश भंडारी, वरुण वशिष्ठ, प्रशांत शर्मा, पवन राठौड़, विनीत प्रताप सिंह चौहान, कदम सिंह और ओमप्रकाश सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

