November 29, 2026


हरिद्वार,  वैदिक एनर्जी से जुड़े आचार्य राजीव ने कहा कि ज्योतिष को चमत्कार करने वाली विद्या या आधुनिक चिकित्सा विज्ञान का विकल्प मानना गलत है। ज्योतिष का उद्देश्य मनुष्य को भविष्य की संभावित परिस्थितियों के प्रति सचेत करना और सही समय पर उचित निर्णय लेने में मार्गदर्शन देना है। वैदिक विज्ञान की इस परंपरा को अंधविश्वास और व्यावसायिक प्रचार से बाहर निकालकर गंभीर अध्ययन एवं शोध के माध्यम से पुनः स्थापित करना मानव हित में जरूरी है। शुक्रवार को मध्य हरिद्वार स्थित एक होटल में आयोजित प्रैसवार्ता में आचार्य राजीव ने कहा कि ज्योतिष में किसी चमत्कार का दावा नहीं किया जाना चाहिए। जो ज्योतिषी चमत्कार होने का आश्वासन देते हैं, वे इस विद्या को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने ज्योतिष की उपयोगिता को आधुनिक जीवन के उदाहरण से समझाते हुए कहा कि ज्योतिष जीवन का गूगल मैप है। जैसे गूगल मैप रास्ते में आने वाली बाधाओं, ट्रैफिक और आगे की परिस्थितियों के बारे में संकेत देता है, उसी प्रकार ज्योतिष व्यक्ति को यह समझने में मदद कर सकता है कि कब सावधानी बरतनी है, कब धैर्य रखना है और कब अवसरों का लाभ उठाना है। आचार्य राजीव ने मेडिकल एस्ट्रोलॉजी पर अपने अध्ययन का उल्लेख करते हुए बताया कि वह पिछले लगभग दस वर्षों से कैंसर के मरीजों की जन्म कुंडलियों का अध्ययन कर रहे हैं। उनके अनुसार इस अध्ययन में कुछ ग्रहों और दशाओं की पुनरावृत्ति के पैटर्न सामने आए हैं। उन्होंने राहु, गुरु, केतु और मंगल का उल्लेख करते हुए कहा कि इन संभावित ज्योतिषीय संकेतों को लेकर आगे शोध की आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ज्योतिष को चिकित्सा विज्ञान का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। मेडिकल एस्ट्रोलॉजी का उद्देश्य किसी व्यक्ति को बीमारी होने का भय दिखाना नहीं, बल्कि संभावित संवेदनशील समय के प्रति जागरूक करना है, ताकि स्वास्थ्य संबंधी कोई भी परेशानी होने पर व्यक्ति उसे नजरअंदाज न करे और समय पर चिकित्सक से परामर्श ले। उन्होंने कहा कि चिकित्सा विज्ञान और ज्योतिष के बीच संवाद एवं शोध की संभावनाओं पर काम होना चाहिए। भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में ज्योतिष की भूमिका एक अतिरिक्त पूर्वानुमान उपकरण के रूप में विकसित हो सकती है या नहीं, यह शोध और प्रमाणों से ही तय होगा। आचार्य राजीव ने बताया कि वह पिछले लगभग सात वर्षों से प्रजनन संबंधी ज्योतिषीय अध्ययन पर भी काम कर रहे है।ं उन्होंने एस्ट्रो फर्टिलिटी चार्ट तैयार करने और पुरुष एवं महिला दोनों की कुंडलियों के अध्ययन के आधार पर आईवीएफ के मामलों में परामर्श देने की बात कही। उनके अनुसार इस पद्धति में 80 प्रतिशत तक सफलता के परिणाम देखने को मिले हैं। हालांकि उन्होंने इस क्षेत्र में चिकित्सा विशेषज्ञों के साथ वैज्ञानिक परीक्षण और स्वतंत्र सत्यापन की आवश्यकता पर भी जोर दिया। वैदिक परंपराओं के संरक्षण और पुनर्जीवन की चर्चा करते हुए आचार्य राजीव ने बताया कि यजुर्वेद में वर्णित रोग विशेष से संबंधित मंत्रों के अध्ययन और उच्चारण पर व्यापक कार्य किया जा रहा है। इसके लिए लगभग 450 संस्कृत विद्यार्थियों को जोड़कर शोध एवं अध्ययन की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। हरिद्वार के ऋषिकुल और मुजफ्फरनगर के खतौली क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी इस कार्य से जोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि वैदिक मंत्रों के सही उच्चारण को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण की व्यवस्था विकसित की जा रही है। कोई भी व्यक्ति किसी विशेष मंत्र का उच्चारण सीखना चाहता है तो वह उनसे ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकता है। इसके बाद विद्यार्थियों के माध्यम से उसे मंत्र का सही उच्चारण सिखाने में सहायता दी जाएगी। आचार्य राजीव ने कहा कि ज्योतिष, वास्तु और अन्य वैदिक विद्याओं को केवल पारंपरिक मान्यताओं तक सीमित रखने के बजाय इनके व्यवस्थित अध्ययन, शोध और व्यावसायिक प्रशिक्षण की जरूरत है। उनका मानना है कि इन क्षेत्रों में युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाएं विकसित हो सकती हैं। उन्होंने चिंता जताई कि तीन दिन में ज्योतिष और वास्तु सिखाने जैसे दावों से इन विद्याओं की गंभीरता और विश्वसनीयता प्रभावित हो रही है। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें रूस के चिकित्सा विश्वविद्यालयों में व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि वैदिक ज्ञान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोध और अकादमिक संवाद से जोड़ने की आवश्यकता है। आचार्य राजीव ने कहा कि वैदिक विज्ञान हमारी प्राचीन ज्ञान परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसे बचाने के लिए केवल दावे करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यवस्थित अध्ययन, शोध, प्रमाण और नई पीढ़ी की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि ज्योतिष को चमत्कार बताने के बजाय जीवन में सही निर्णय लेने के एक संभावित मार्गदर्शक के रूप में समझा जाना चाहिए तथा मेडिकल एस्ट्रोलॉजी को भी आधुनिक चिकित्सा विज्ञान के साथ संवाद और शोध के दायरे में ही आगे बढ़ाया जाना चाहिए। प्रेस वार्ता के दौरान वरिष्ठ समाजसेवी आलोक शर्मा भी मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *