November 14, 2026

​रुद्रपुर। मोबाइल कारोबार में वर्चस्व और पुरानी व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा को लेकर शुक्रवार सुबह दो दुकानदारों के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पहले दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें चार लोग घायल हो गए। इसके बाद मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल पहुंचे एक पक्ष पर दूसरे गुट के करीब एक दर्जन हमलावरों ने इमरजेंसी गेट पर चाकुओं से हमला कर दिया। इस वारदात में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दिनदहाड़े अस्पताल परिसर में हुई इस घटना से मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई।

​क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के जगतपुरा और आवास विकास में अलग-अलग मोबाइल की दुकानें संचालित करने वाले दिनेश जौहरी और अमन प्रजापति के बीच लंबे समय से व्यापारिक प्रतिस्पर्धा चल रही थी। इसी रंजिश के चलते शुक्रवार सुबह दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। मारपीट के दौरान चार लोग घायल हुए और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए।

​अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर बोला धावा

मारपीट के बाद घायल हुए एक पक्ष के लोग शिकायत दर्ज कराने आवास विकास पुलिस चौकी पहुंचे, जहां से पुलिस ने उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। आरोप है कि इसकी भनक लगते ही दूसरे पक्ष के 10 से 12 लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। इमरजेंसी गेट के पास दोनों गुट फिर आमने-सामने आ गए और हमलावरों ने जगतपुरा निवासी राजकुमार उर्फ नितेश कुमार (30) पुत्र कमलेश जौहरी पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल राजकुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

​अस्पताल में अफरा-तफरी, तीन थानों की पुलिस तैनात

अस्पताल परिसर में हुई इस हत्या से वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एसपी सिटी प्रमोद कुमार तीन थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में भी दोनों पक्ष दोबारा भिड़ने की कोशिश करते रहे, जिन्हें नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। तनाव को देखते हुए जिला अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

​पुलिस का बयान:

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मेडिकल कराने पहुंचे एक पक्ष पर दूसरे पक्ष के 10-12 लोगों ने जानलेवा हमला किया, जिसमें एक युवक की मौत हुई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *