देहरादून: आपदा सहायता मानकों में वृद्धि पर सीएम धामी ने पीएम मोदी व केंद्रीय गृहमंत्री का जताया आभार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार द्वारा एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के तहत आपदा सहायता राशि के मानकों में वृद्धि करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया है। संशोधित मानकों के तहत आपदा में मृत्यु पर मिलने वाली सहायता राशि को 4 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा कृषि, पशुधन और मकान क्षति के मानकों में भी बढ़ोतरी की गई है, जिससे प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
नई दिल्ली/रुद्रपुर: स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में उत्तराखंड के काशीपुर और रुद्रपुर को मिला प्रथम स्थान
आवास और शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड में शहरी स्वच्छता और स्वच्छता प्रबंधन के लिए काशीपुर और रुद्रपुर निकायों को प्रथम स्थान के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस दौरान दोनों शहरों के महापौरों सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
हरिद्वार: एफडी और आरडी में मोटा मुनाफा का लालच देकर 30.74 लाख ठगने का मामला दर्ज
हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र में निवेश के नाम पर एक व्यक्ति से 30 लाख 74 हजार 464 रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित प्रमोद कुमार की शिकायत और न्यायालय के आदेश पर लक्सर कोतवाली पुलिस ने छह आरोपियों—खुर्शीद, प्रीतम सिंह, इरशाद, अहसान हैदर, मोहम्मद शाहनवाज और मोहम्मद जावेद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों ने यूनाइटेड एग्रो लाइफ और जुबिलेंट मल्टीपरपज कंपनियों में पॉलिसी बॉन्ड के नाम पर रकम हड़पी थी।
राजाजी टाइगर रिजर्व: 15 नवंबर से पर्यटकों के लिए खुलेंगे पार्क के चार पर्यटक जोन
जंगल सफारी के शौकीनों के लिए राजाजी टाइगर रिजर्व के चार पर्यटक जोन 15 नवंबर से पर्यटकों के लिए खुलने जा रहे हैं। पार्क प्रशासन द्वारा सफारी ट्रैक को दुरुस्त करने और वन्यजीवों के लिए नए जलस्रोत विकसित करने का काम अंतिम चरण में है। पिछले पर्यटन सत्र में यहां 50,309 पर्यटक पहुंचे थे, जिससे पार्क प्रशासन को करीब 1.28 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था।
हल्द्वानी: शहरों को ‘हिल एंड हिमालयन सिटी’ के रूप में किया जाए विकसित – केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू
आवास एवं शहरी मामलों के केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने काठगोदाम सर्किट हाउस में नगर निकायों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि उत्तराखंड के शहरों को ‘हिल एंड हिमालयन सिटी’ के रूप में सुनियोजित विकसित किया जाए, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिले। उन्होंने स्वच्छता, नदियों को प्रदूषण मुक्त रखने और आचार संहिता लागू होने से पहले सभी लंबित विकास कार्य पूरे करने पर विशेष जोर दिया।
हल्द्वानी/भीमताल: सीडीओ के औचक निरीक्षण में 12 कार्मिकों का वेतन रोकने के निर्देश, 3 की सेवा समाप्ति की संस्तुति
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने विकास खंड कार्यालय हल्द्वानी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित और बिना अनुमति के नदारद पाए गए कुल 12 कार्मिकों का स्पष्टीकरण मांगने और संतोषजनक जवाब न मिलने पर वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, भीमताल के खण्ड विकास अधिकारी का स्पष्टीकरण लेने तथा कार्यालय के 3 अनुपस्थित कार्मिकों की सेवा समाप्ति के लिए जिलाधिकारी को संस्तुति भेजी गई है।
नैनीताल: जमरानी बांध प्रभावितों के पुनर्वास में देरी पर सांसद अजय भट्ट सख्त, आयुक्त को लिखा पत्र
सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट ने जमरानी बांध परियोजना से प्रभावित 213 परिवारों के पुनर्वास कार्यों में हो रही देरी पर चिंता जताई है। उन्होंने कुमाऊं मंडल के आयुक्त को पत्र लिखकर प्रभावित गांवों और पुनर्वास स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कराने तथा सड़क, बिजली और सुरक्षा दीवार जैसी मूलभूत सुविधाओं के लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश देने का आग्रह किया

