November 2, 2026

कुंभ मेला-2027: हरिद्वार में 12वें दिन भी जारी रहा विशेष स्वच्छता अभियान
हरिद्वार: कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के अंतर्गत धर्मनगरी को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और कुंभ मेलाधिकारी सोनिका के निर्देशन में विशेष स्वच्छता महाअभियान 12वें दिन भी जारी रहा। सुभाष घाट, परशुराम घाट, डामकोठी और हरकी पौड़ी क्षेत्रों में चलाए गए इस अभियान में नगर निगम, जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन, उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग, विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं और व्यापारिक प्रतिष्ठानों ने हिस्सा लिया। जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से टनों कचरा एकत्रित कर नगर निगम को निस्तारण हेतु सौंपा गया।
ऋषिकुल ऑडिटोरियम में युवा महोत्सव का भव्य आयोजन

हरिद्वार: जिला प्रशासन और युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में ऋषिकुल ऑडिटोरियम में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ के अंतर्गत जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने दीप प्रज्वलित कर किया। महोत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, भाषण, पेंटिंग और कविता लेखन जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में युवाओं ने अपनी प्रतिभा दिखाई। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश का युवा नई ऊर्जा के साथ राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर रहा है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर मौका मिलेगा।
माता भगवती देवी शर्मा जन्मशताब्दी महोत्सव में सामूहिक प्रज्ञा योग ने बनाया रिकॉर्ड

नई दिल्ली/हरिद्वार: इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी के जन्मशताब्दी महोत्सव के दूसरे दिन सामूहिक 16-स्थितियों वाले ‘प्रज्ञा योग’ का भव्य प्रदर्शन किया गया। इसे ‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ और ‘एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में दर्ज किया गया, जिसका प्रमाण पत्र देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पण्ड्या को सौंपा गया। इस अवसर पर आचार्य बालकृष्ण, दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू तथा ब्रिटेन से आए विशिष्ट अतिथियों ने भारतीय योग, अध्यात्म और वसुधैव कुटुंबकम के संदेश की सराहना की।
हरकी पैड़ी पर तीर्थ पुरोहितों और यजमानों के बीच मारपीट, 8 लोग गिरफ्तार


अहरिद्वार: हरकी पैड़ी क्षेत्र में किसी बात को लेकर तीर्थ पुरोहितों और यजमानों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। पुलिस चौकी में समझौता कराने पहुंचे स्थानीय पार्षद हिमांशु गुप्ता के साथ भी हाथापाई की गई। मामला बढ़ता देख पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए प्रकाश चंद रिवाली, हर्षित गढ़कोटी, केशव दत्त वाली, खेमेश रिवाली, योगेश रिवाली, राजू गढ़कोटी, नितिन रिवाली और राजू भट्ट सहित आठ लोगों को गिरफ्तार कर सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *