
हरिद्वार (विशेष संवाददाता): सनातन संस्कृति के संवर्धन, मां गंगा की निर्मलता तथा राष्ट्रीय अखंडता के संकल्प के साथ श्री पंचायती नया अखाड़ा उदासीन, कनखल से एक विशाल पदयात्रा का आयोजन किया गया। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक एवं मिश्री मठ के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी करौली शंकर महाराज की अगुवाई में आयोजित इस यात्रा में हजारों की संख्या में संतों, श्रद्धालुओं और शिष्यों ने भाग लिया।
कनखल से शुरू होकर ऐतिहासिक हरकी पैड़ी तक पहुंची इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य आगामी दिव्य व भव्य कुंभ मेले से पूर्व संपूर्ण देश को स्वच्छता, एकता और ‘रोग मुक्त-शोक मुक्त’ समाज का संदेश देना है।
संकल्प और अनुशासन से ही संभव है सिद्धि
पदयात्रा का शुभारंभ करते हुए स्वामी करौली शंकर महाराज ने कहा कि किसी भी महान कार्य की सिद्धि दृढ़ संकल्प से ही संभव होती है। उन्होंने कहा, “बीते दिनों खराब मौसम और मूसलाधार बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं ने जिस अनुशासन के साथ दंडवत यात्रा पूरी की, उसने पूरे विश्व को एक प्रेरणादायक संदेश दिया है। मठ में नियमित आयोजित होने वाले धार्मिक अनुष्ठान साधकों में भक्ति और सेवा का भाव जगाते हैं। यही सेवा भाव आज मां गंगा को स्वच्छ व निर्मल बनाने की प्रेरणा बन रहा है।”
संतों व गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर श्री पंचायती नया अखाड़ा उदासीन के अध्यक्ष महंत धूनीदास, कोठारी महंत नितिन दास, महंत सुतीक्ष्ण मुनि, संस्था प्रबंधक डॉ. उमेश सचान, स्वामी बुध मुनि, संत गुरमीत सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिरुद्ध भाटी, अनिरुद्ध शर्मा तथा पूर्व मेयर मनोज गर्ग सहित भारी संख्या में संत-महात्मा व भक्तजन उपस्थित रहे।
स्थान-स्थान पर हुआ भव्य स्वागत
पदयात्रा के ललतारौ पुल पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रियों का जोरदार स्वागत किया। स्वागत करने वालों में व्यापारी नेता विजय शर्मा, अंकेश भाटी, विशाल गुप्ता, पार्षद सचिन कुमार, पार्षद दीपक शर्मा, सचिन शर्मा, गोस्वामी गगनदीप दत्त, राघव ठाकुर, रूपेश शर्मा, गोपी सैनी, अंकुर राजपूत, नितिन गिरि और गुलशन अरोड़ा प्रमुख रूप से शामिल रहे।


