हरिद्वार, 27 मई:
हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा के ग्राम टिक्कमपुर स्थित शिव मंदिर में बुधवार को ‘बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर बहुद्देशीय शिविर’ का आयोजन किया गया। उत्तराखंड सरकार के समाज कल्याण योजनाएं एवं अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) श्री देसराज कर्णवाल की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं।
दोपहर 1:00 से 4:00 बजे तक चले जनसंवाद कार्यक्रम में किसान सम्मान निधि, वृद्धा व विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, पट्टे की जमीन, आवास और शौचालय से जुड़ी कुल 20 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 6 समस्याओं का राज्यमंत्री ने मौके पर ही समाधान कर दिया, जबकि शेष 14 आवेदनों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
शिविर में सभी रेखीय विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने पात्र लाभार्थियों के फॉर्म मौके पर ही भरवाए। इस दौरान बाल विकास विभाग और आंगनवाड़ी की ओर से दो लाभार्थियों को ‘मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट’ भी भेंट की गई।