November 18, 2026

47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा का समापन

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में निकाली गई 47 दिवसीय ‘अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा-2026’ के समापन कार्यक्रम में सभी यात्रियों का स्वागत व अभिनंदन किया। 2 अक्टूबर 2026 को नेपाल के जनकपुर धाम से शुरू हुई इस यात्रा ने 3,000 किमी से अधिक की दूरी तय कर भारत-नेपाल के 25 से अधिक जिलों व 150 से ज्यादा गांवों में जल, जंगल और जमीन के संरक्षण का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं; प्राकृतिक संसाधनों को बचाते हुए विकास करना आवश्यक है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा बचाव अभियान की तीसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 28 से 30 नवंबर 2026 तक देहरादून में आयोजित होने वाले ‘विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026’ के पोस्टर का भी विमोचन किया। कार्यक्रम में यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत सहित यात्रा के सदस्य उपस्थित रहे।

अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के लिए दो ‘आरोग्य रथ’ रवाना

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जनपदों के दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए दो मोबाइल मेडिकल यूनिट ‘आरोग्य रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन के सीएसआर कार्यक्रम के तहत टीएसएल फाउंडेशन द्वारा संचालित इन वाहनों में डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, फार्मासिस्ट और आवश्यक दवाएं उपलब्ध रहेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों के घर के पास ही प्राथमिक चिकित्सा, निवारक स्वास्थ्य सेवाएं और समय पर परामर्श उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इस दौरान सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पांडेय, हेमराज बिष्ट, अनिल सिंह शाही और फाउंडेशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।


एम्स ऋषिकेश पहुंचकर मुख्यमंत्री ने जाना बस दुर्घटना के घायलों का हालचाल



देहरादून/ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को एम्स ऋषिकेश पहुंचकर टिहरी गढ़वाल के गूलर घाटी क्षेत्र में हुई बस दुर्घटना के घायलों से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के उपचार की जानकारी ली और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में दिवंगतों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 1 लाख रुपये और सामान्य घायलों को 40 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल और आरटीओ देहरादून को प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत राशि व हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *