बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया गया जागरूक
देहरादून: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के डीएडब्ल्यूएन अभियान के तहत देहरादून के मौलाना अबुल कलाम आजाद पब्लिक स्कूल (क्लेमेंट टाउन) में बाल दिवस के अवसर पर एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती सीमा डुंगराकोटी की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में बच्चों को नशे से दूर रहने, बाल अधिकारों, साइबर सुरक्षा, और सुरक्षित-असुरक्षित स्पर्श की जानकारी दी गई। बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) और नालसा टोल-फ्री नंबर (15100) के बारे में भी बताया गया। इस दौरान चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, विजेता बच्चों को पुरस्कृत किया गया, विद्यालय को मेडिकल किट भेंट की गई और बच्चों द्वारा नशे के विरुद्ध एक जागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम में कुल 275 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
समाज कल्याण मंत्री ने रायपुर विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों की योजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास
देहरादून: समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने शनिवार को रायपुर विधानसभा के अधोईवाला क्षेत्र में, विधायक उमेश शर्मा काऊ की अध्यक्षता में 3.35 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान 95.79 लाख की लागत से निर्मित 60 बैडेड छात्रावास और 44.93 लाख की लागत वाले क्रीड़ा स्थल का लोकार्पण किया गया। साथ ही, आश्रम पद्धति विद्यालय में शौचालय, चारदीवारी, छात्रावास मरम्मत और स्टोर निर्माण जैसे कार्यों का शिलान्यास भी किया गया। मंत्री ने छात्रावास का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निर्माण और छात्रों को शुद्ध एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

