देहरादून। उत्तराखंड शासन ने करवा चौथ के अवसर पर प्रदेश की महिला कार्मिकों के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। शासन के सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी शासनादेश के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 (गुरुवार) को प्रदेशभर में राज्य सरकार के अधीन विभिन्न कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और शासकीय प्रतिष्ठानों में कार्यरत महिला कर्मचारियों को अवकाश प्रदान किया जाएगा।
शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय प्रदेश में कार्यरत महिला कार्मिकों को करवा चौथ पर्व मनाने की सुविधा देने के उद्देश्य से लिया गया है। आदेश जारी होने के बाद संबंधित विभागों और अधिकारियों को इसकी जानकारी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी इस आदेश की प्रतिलिपि शासन के विभिन्न वरिष्ठ अधिकारियों, विभागाध्यक्षों और संबंधित कार्यालयों को प्रेषित की गई है, ताकि आदेश का अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को भी शासनादेश का समाचार माध्यमों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं।
शासन के इस निर्णय से प्रदेश के विभिन्न सरकारी कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में कार्यरत महिला कर्मचारियों को पर्व के अवसर पर सुविधा मिलेगी।

