October 28, 2026

​देहरादून:

अंकिता भंडारी मामले से चर्चा में आईं अभिनेत्री उर्मिला सनावर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। देहरादून के नगर कोतवाली में उनके और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एक राज्य के राज्यपाल, एक भाजपा वरिष्ठ नेता और एक महिला के संबंध में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं मानहानिकारक वीडियो प्रसारित करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।

​शिकायतकर्ता सागर (निवासी मोती बाजार, हरिद्वार) ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि देहरादून में सीबीआई कोर्ट के बाहर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिस पर ‘सुजाता पॉल’ का लोगो लगा है। आरोप है कि इस वीडियो में उर्मिला सनावर मीडिया के सामने एक राज्यपाल, भाजपा नेता और एक महिला पर बिना किसी प्रमाण के गंभीर व आपत्तिजनक आरोप लगा रही हैं।

​शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस तरह के वीडियो से समाज में भ्रम और वैमनस्य फैलने के साथ-साथ संबंधित व्यक्तियों की प्रतिष्ठा को भी ठेस पहुंच रही है।

​भारतीय न्याय संहिता (BNS) की इन धाराओं में हुआ केस

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 79, 352, 353 और 356 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। इस पूरे मामले की जांच निरीक्षक राकेश रावत को सौंपी गई है।

​पहले भी जेल जा चुकी हैं उर्मिला

गौरतलब है कि इससे पहले रानीपुर कोतवाली में दर्ज एक अन्य मामले में पुलिस ने 25 अक्टूबर को उर्मिला सनावर को सहारनपुर से गिरफ्तार किया था। पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ की बेटी की शिकायत पर दर्ज उस मुकदमे में उन पर सोशल मीडिया के जरिए अश्लील टिप्पणी करने और परिवार की छवि धूमिल करने का आरोप था, जिसके बाद अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *