हरिद्वार। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय एवं जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में प्रशासनिक एवं पुलिस टीम ने मिलावटखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार देर रात उपायुक्त गढ़वाल मंडल आर. एस. रावत के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने रुड़की ब्लॉक के ग्राम नन्हेड़ा अनेतपुर में स्थित एक पनीर निर्माण इकाई पर औचक छापा मारा।
छापेमारी के दौरान आजाद पुत्र ईसाक द्वारा उत्तराखंड सरकार द्वारा प्रतिबंधित ‘एनालाग पनीर’ का निर्माण, भंडारण एवं विक्रय करते पाया गया। मौके से लगभग 20 किलो पामोलीन ऑयल (2 टीन) और 30 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पामोलीन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर मिलाकर पनीर तैयार करता था और उसे बाजार में 240 रुपये प्रति किलो की दर से बेचता था।
कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके पर मौजूद लगभग 2 क्विंटल सेमी-प्रोसेस्ड पनीर और 20 किलो पामोलीन ऑयल को नष्ट करवाया, जबकि स्किम्ड मिल्क पाउडर को सीज कर जब्त कर लिया। प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ का निर्माण पाए जाने पर इकाई को अग्रिम आदेशों तक सील (बंद) कर दिया गया है तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
खाद्य पदार्थों के 03 विधिक नमूने (खुला पनीर, पामोलीन ऑयल एवं स्किम्ड मिल्क पाउडर) लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजे गए हैं। इस कार्रवाई में सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन व पवन कुमार, एसपी (देहात) अभय प्रताप सिंह, एडीपीओ सत्यपाल सिंह सहित पुलिस बल शामिल रहा।

