प्रो.(डॉ.) नरेश चौधरी उत्कृष्ट सहयोग के लिए सम्मानित
हरिद्वार: उत्तराखण्ड पुलिस की 15वीं क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन अवसर पर एसपी (क्राइम/ट्रैफिक) निशा यादव द्वारा प्रो.(डॉ.) नरेश चौधरी को पुलिस विभाग में उत्कृष्ट सहयोग के लिए सम्मानित किया गया। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर और 40वीं बटालियन के उप सेनानायक जे.आर. जोशी ने उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सच्चा समाजसेवी बताया। डॉ. चौधरी ने सम्मान के लिए पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया।
पितृपक्ष में वृक्षारोपण का विशेष और आध्यात्मिक महत्व: कुशलपाल सिंह चौहान
हरिद्वार: भारत विकास परिषद की मायापुरी शाखा द्वारा पर्यावरण संरक्षण के तहत डॉक्टर हरिराम इंटर कॉलेज में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रांतीय संयोजक कुशलपाल सिंह चौहान और शाखा अध्यक्ष कैप्टन (से.नि.) विपिन जोशी ने बताया कि पितृपक्ष में पौधे लगाने से पितृ दोष शांत होता है और सुख-समृद्धि आती है। इस दौरान बेल, नीम, आम और जामुन के पौधे रोपे गए तथा उनकी देखभाल का संकल्प लिया गया।
सीनियर सिटीजंस वेलफेयर सोसायटी ने मनाया अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस
हरिद्वार: गुरुद्वारा सिंह सभा में सीनियर सिटीजंस वेलफेयर सोसायटी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस मनाया गया। अमरीश रस्तोगी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य, विधिक जागरूकता, भजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इस अवसर पर वरिष्ठतम नागरिकों चौखेलाल, गुलशन नैय्यर, अमरीश रस्तोगी, कमल किशोर सेठ और विजय बंसल को सम्मानित किया गया तथा महिलाओं का शाल ओढ़ाकर स्वागत किया गया।
महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में धारण करें: जितेन्द्र रघुवंशी
हरिद्वार: स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति द्वारा शहीद जगदीश वत्स पार्क में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। ध्वजारोहण स्वतंत्रता सेनानी भारत भूषण विद्यालंकार ने किया। समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने कहा कि महापुरुषों की जयंती तभी सार्थक होगी जब हम उनके आदर्शों और सादगी को अपने जीवन में अपनाएंगे।