October 2, 2026

वर्ल्डस्किल्स 2026 में उत्तराखंड के सानिया और पार्थ ने जीता रजत पदक

​देहरादून: चीन के शंघाई में आयोजित 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता-2026 में उत्तराखंड के सानिया जोशी और पार्थ वोहरा ने रजत पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। उत्तरकाशी की सानिया ने रिटेल सेल्स और देहरादून के पार्थ ने इंडस्ट्रियल डिजाइन टेक्नोलॉजी में यह सफलता हासिल की। भारत ने इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में कुल 6 रजत पदक और 20 मेडलियन्स फॉर एक्सीलेंस जीतकर वैश्विक स्तर पर 10वां स्थान (भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन) प्राप्त किया। दोनों युवाओं की इस उपलब्धि में कौशल विकास विभाग और यूकेएसडीएस का विशेष योगदान रहा।

​ स्किल डेवलपमेंट से उत्तराखंड के 126 युवाओं को मिला अंतरराष्ट्रीय रोजगार

​देहरादून: युवाओं को आधुनिक बाजार की मांग के अनुसार हुनरमंद बनाने के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने प्रयास तेज कर दिए हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में हुई जिला कौशल विकास योजना की समीक्षा बैठक में बताया गया कि हाल ही में चलाए गए विशेष कार्यक्रमों के तहत 126 युवाओं को विदेशों में रोजगार मिला है। इनमें केयर गिवर के रूप में 75 युवाओं को जापान, नर्सिंग में 1 युवा को जर्मनी तथा वेयरहाउस प्रबंधन के लिए 30 युवाओं को सऊदी अरब में नियुक्ति मिली है। जिलाधिकारी ने आईटीआई पाठ्यक्रमों को मार्केट डिमांड के अनुरूप अपडेट करने और ‘पीएम सेतु योजना’ के तहत ढांचागत सुधार के निर्देश दिए।

​ अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों को विधिक अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक

​देहरादून: अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर स्वाभिमान केन्द्र, गढ़ी कैंट में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सचिव सीमा डुंगराकोटी ने 55 वरिष्ठ नागरिकों को उनके भरण-पोषण, संपत्ति की सुरक्षा और निःशुल्क विधिक सहायता (नालसा हेल्पलाइन 15100) के अधिकारों की जानकारी दी। कार्यक्रम में ‘माता-पिता और वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम 2007’ के प्रावधानों को रेखांकित किया गया। इस दौरान एक बुजुर्ग महिला की पुलिस संबंधी समस्या का मौके पर समाधान भी कराया गया और उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को वॉकर, स्टिक, कमर की बेल्ट व फर्स्ट एड किट वितरित की गई।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *