October 2, 2026

​हरिद्वार। कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित चल रहे आरोपी को 315 बोर के एक अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ा दी गई है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर को पनियाला चंदापुर निवासी विशाल पुत्र प्रवीण कुमार ने कोतवाली गंगनहर में तहरीर दी थी। पीड़ित ने आरोप लगाया था कि अज्ञात आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उस पर गोली चलाई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

​घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। साक्ष्य जुटाने और आरोपियों की तलाश के दौरान 1 अक्टूबर को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने आरोपी साहिब पुत्र दिलदारा (निवासी पनियाला चंदापुर) को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली, तो उसके पास से घटना में इस्तेमाल तमंचा और कारतूस बरामद हुआ।

​पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि 28 सितंबर को मेले के दौरान विशाल और उसके भाइयों के साथ हाथापाई हुई थी, जिसमें उसके भाई को चोट आ गई थी। इसी रंजिश के तहत जब विशाल की गाड़ी रास्ते में धीमी हुई, तो आरोपी ने गुस्से में आकर तमंचे से उस पर गोली चला दी और फरार हो गया।

​बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की और उसका चालान कर न्यायालय में पेश कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *