शिव शक्ति वेलनेस फाउंडेशन ने कांवड़ियों को बांटे फल और जूस
हरिद्वार। शिव शक्ति वेलनेस फाउंडेशन द्वारा कांवड़ सेवा शिविर का आयोजन कर गंगाजल लेकर लौट रहे श्रद्धालुओं को फल एवं जूस वितरित किए गए। संस्था की वरिष्ठ प्रवक्ता रेणुका श्रीवास्तव और अध्यक्षा शिप्रा गुप्ता ने बताया कि निस्वार्थ मानव सेवा ही संस्था का मूल उद्देश्य है। उपाध्यक्ष भूपेश पांडेय, सचिव पूनम पांडेय, संदीप धीमान और अजय सिंह मेहरा ने कहा कि भीषण गर्मी में फल और जूस से कांवड़ियों को पैदल यात्रा हेतु ऊर्जा मिलेगी। इस अवसर पर विनय श्रीवास्तव, मुकेश गोयल, अनुज कुमार, हिमांशु अरोड़ा सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
भाजपा नेता डॉ. विशाल गर्ग ने की कांवड़ियों की सेवा
हरिद्वार। कांवड़ सेवादल सीतापुर द्वारा आयोजित 42वें कांवड़ सेवा शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. विशाल गर्ग ने शिवभक्तों को भोजन प्रसाद वितरित किया। डॉ. गर्ग ने कहा कि यह सेवा, समर्पण और श्रद्धा का अद्भुत संगम है। कार्यक्रम के दौरान नितिन चौहान, संजय गुप्ता, नरेंद्र गुप्ता और अंबरीश भी उपस्थित रहे।
’राहुल गांधी को मिल रहे जनसमर्थन से भाजपा घबराई’: सुनील अरोड़ा
हरिद्वार। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव सुनील अरोड़ा ने बयान जारी कर कहा कि देहरादून में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में उमड़े युवाओं के समर्थन से भाजपा सरकार घबरा गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जा रहा ‘युवा संवाद’ केवल एक राजनीतिक प्रतिक्रिया है। अरोड़ा ने मांग की कि सरकार युवाओं को सिर्फ मंचों से संबोधित न करे, बल्कि रोजगार और न्याय से जुड़ी उनकी समस्याओं का वास्तविक समाधान करे।
बिजली दरों में बार-बार बढ़ोतरी पर वरिष्ठ नागरिकों ने व्यक्त किया रोष
हरिद्वार। ज्वालापुर इंटर कॉलेज प्रांगण में वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन की बैठक आयोजित की गई, जिसमें बार-बार बढ़ाई जा रही बिजली दरों पर कड़ा आक्रोश जताया गया। संगठन अध्यक्ष चौधरी चरण सिंह, विद्यासागर गुप्ता और हरदयाल अरोड़ा ने कहा कि उत्तराखंड बिजली उत्पादक राज्य है, फिर भी प्रति तिमाही दरें बढ़ाई जा रही हैं। उन्होंने मांग की कि बिजली विभाग लाइन लॉस और चोरी पर लगाम लगाए तथा इसका बोझ आम जनता पर न डाले। बैठक में अनेक वरिष्ठ नागरिक उपस्थित थे।
‘आधार को माना जाए नागरिकता का प्रमाण’: कांग्रेस नेता राव आफाक अली
हरिद्वार। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राव आफाक अली ने प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए आरोप लगाया कि एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के नाम पर स्पेलिंग मिस्टेक जैसी छोटी गलतियों के लिए जनता को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि पहचान के लिए बार-बार प्रमाण मांगने के बजाय आधार कार्ड को ही नागरिकता का प्रमाण मानकर इसे सीधे मतदाता सूची से लिंक किया जाए। कांग्रेस नेता मनोज धनखड़ ने 2003 की वोटर लिस्ट को हिंदी से अंग्रेजी में बदलने के कारण हुई गड़बड़ियों में सरलीकरण प्रक्रिया अपनाने की मांग की।
नगर निगम ने कांवड़ पटरी पर किया स्मार्ट सोलर सेंसर डस्टबिन का ट्रायल
हरिद्वार। सफाई व्यवस्था को हाई-टेक बनाने के लिए नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देश पर नगर निगम द्वारा ‘अत्याधुनिक स्मार्ट सोलर सेंसर कॉम्पैक्ट डस्टबिन’ तैयार कराया गया है। जे.डी.ई. वेलफेयर सोसायटी के माध्यम से निर्मित इस डस्टबिन का ट्रायल कांवड़ पटरी मार्ग पर किया जा रहा है। यह पूरी तरह सोलर ऊर्जा पर आधारित है, जिसमें सेंसर से ऑटोमैटिक ढक्कन खुलने और कचरा compact (दबाने) करने की सुविधा है, जिससे कम जगह में ज्यादा कचरा समा सकता है। ट्रायल के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील मलिक एवं संजय शर्मा उपस्थित रहे।