रानीपुर पुलिस ने अवैध खनन पर कसा शिकंजा, 4 भैंसा-बुग्गी जब्त

हरिद्वार: एसएसपी के निर्देश पर अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने टिहरी विस्थापित नदी क्षेत्र में छापेमारी की। पुलिस को देखकर अवैध खनन कर रहे लोग मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने रेत-बजरी से लदी 4 भैंसा-बुग्गियों को जब्त कर लिया है। इस मामले में अवैध खनन अधिनियम के तहत उपजिलाधिकारी (SDM) को रिपोर्ट भेजी जा रही है।

मंगलौर गोलीकांड का सनसनीखेज खुलासा: दोस्त ही निकले कातिल, रची थी झूठी साजिश

हरिद्वार: कोतवाली मंगलौर पुलिस ने बूडपुर जट्ट में हुए सौरभ नामक युवक के गोलीकांड का पर्दाफाश करते हुए तीन दोस्तों को हिरासत में लिया है। एसपी देहात चंद्रशेखर सुयाल ने बताया कि 11 जुलाई को सौरभ को गोली लगी थी, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। शुरुआत में पुरानी रंजिश के चलते तीन निर्दोष लोगों पर हत्या का झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया था।

वैज्ञानिक और तकनीकी जांच में सामने आया कि सौरभ अपने ही दोस्तों के साथ अवैध तमंचा देख रहा था, तभी अचानक गोली चल गई। पुलिस ने गुमराह करने और गैर-इरादतन हत्या के मामले में मृतक के साथी सुमित, डिम्पल और आशीष को हिरासत में लेकर घटना में इस्तेमाल तमंचा बरामद कर लिया है।

हरिद्वार में बड़ी कार्रवाई: गोदाम से 5,000 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त, 1 लाख का चालान

हरिद्वार: नगर निगम, तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने खड़खड़ी स्थित एक गोदाम में छापेमारी कर लगभग 5,000 किलोग्राम प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक बरामद किया है। नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में आरोपी नानक चंद पर 1,00,000 रुपये का चालान किया गया है। यह गोदाम घाट क्षेत्रों में प्लास्टिक की अवैध आपूर्ति का मुख्य जरिया था, जिससे गंगा और पर्यावरण प्रदूषित हो रहा था। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *