August 31, 2026

हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई,जबकि उनका पीछा कर रहे पुलिस कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए।जानकारी के अनुसार पथरी थाना क्षेत्र में कांस्टेबल सुशील और चेतन गश्त पर थे। इसी दौरान उन्होंने एक बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया,लेकिन पुलिस को देखकर वह तेज रफ्तार में भागने लगा। शक होने पर कांस्टेबल सुशील ने उसका पीछा किया।भागने के दौरान बाइक सवार की सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई।हादसे के तुरंत बाद पीछे से आ रहे कांस्टेबल सुशील की बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त होकर दोनों बाइकों से टकरा गई।इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।मृतकों की पहचान मनोज कुमार निवासी फेरूपुर (हरिद्वार) तथा अजय निवासी खेड़ी,सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार मनोज पतंजलि में नौकरी करता था,जबकि अजय के संबंध में अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।दुर्घटना में घायल कांस्टेबल सुशील को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।बताया गया है कि उनके पैर में फ्रैक्चर है और शरीर पर अन्य चोटें भी आई हैं।पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *