हरिद्वार। जगजीतपुर स्थित भाजपा कार्यालय में 25 जून को आपातकाल की बरसी पर ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने की और संचालन जिला महामंत्री संजीव चौधरी ने किया। इस दौरान मुख्य वक्ता के रूप में दर्जाधारी राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि 25 जून 1975 का दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला दिन है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा चुनाव में धांधली का दोषी पाए जाने और अयोग्य घोषित होने के बाद, तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपनी कुर्सी बचाने के लिए देश पर आपातकाल थोप दिया था। उन्होंने कहा कि सत्ता के अहंकार में कांग्रेस ने बाबा साहेब अंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान को रौंद डाला और आज की पीढ़ी को कांग्रेस के इस तानाशाही चरित्र से अवगत कराना बेहद जरूरी है।
मुख्य वक्ता ओमप्रकाश जमदग्नि ने कहा कि आपातकाल के 21 महीने भारत के लिए एक काले अध्याय की तरह थे, जहां नागरिकों के मौलिक अधिकार छीन लिए गए और जयप्रकाश नारायण, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी जैसे हजारों नेताओं को जेल में डाल दिया गया। पूर्व जिला अध्यक्ष संदीप गोयल और गंगासभा अध्यक्ष नितिन गौतम ने भी कांग्रेस सरकार की तानाशाही मानसिकता की कड़े शब्दों में निंदा की।
जिला सह प्रभारी दीपक धमीजा ने आपातकाल की पृष्ठभूमि की जानकारी देते हुए बताया कि किस तरह अपनी सत्ता बचाने के लिए रातें-रात राष्ट्रपति से दस्तखत कराकर प्रेस पर ताला लगा दिया गया और संविधान में 42वां संशोधन कर उसे बदलने की कोशिश की गई। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा अभिनंदन गुप्ता का पटका पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में रिशु चौहान, पारुल चौहान, लव शर्मा, तरुण नय्यर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।