हरिद्वार: गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में गायत्री जयंती महापर्व की पूर्व संध्या पर भव्य दीप रैली एवं विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। दीप रैली का नेतृत्व अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि डॉ. चिन्मय पण्ड्या और महिला मंडल प्रमुख श्रीमती शैफाली पण्ड्या ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि जीवन संग्राम का नाम अध्यात्म है। उन्होंने कहा कि जीवन की चुनौतियों और आंतरिक संघर्षों से निपटने के लिए अध्यात्म ही मनुष्य को स्थिरता और सही दिशा प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि इच्छाओं, क्रोध, लोभ और मोह जैसे विकारों पर विजय प्राप्त कर ही मनुष्य जीवन को सार्थक बना सकता है। वहीं शैफाली पण्ड्या ने कहा कि वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा ने सेवा, करुणा और मातृत्व के आदर्शों को अपने जीवन में उतारकर समाज को नई दिशा दी।
कार्यक्रम में देश-विदेश से आए हजारों साधक उपस्थित रहे। शांतिकुंज मीडिया विभाग के अनुसार बुधवार को महापर्व का मुख्य आयोजन होगा।