विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण : राज्यपाल

नैनीताल: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा के प्रथम दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत-2047 के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि आज उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थी विश्वविद्यालय के “फाउंडेशन पिलर्स” हैं। राज्यपाल ने युवाओं से ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ आगे बढ़ने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग भारतीय मूल्यों एवं मानवीय संवेदनाओं के साथ होना चाहिए। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप किए जा रहे नवाचारों की सराहना की।

बहुउद्देशीय शिविर में जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

हल्द्वानी। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा राज्य सरकार की उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के तहत विकासखण्ड हल्द्वानी में बहुउद्देशीय शिविर एवं विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद अजय भट्ट ने की। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 25 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि ग्राम विकास विभाग ने 18 बीपीएल एवं एसईसीसी प्रमाण-पत्र वितरित किए। शिविर में प्राप्त 23 शिकायतों में से 22 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के समापन पर नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *