हरिद्वार। पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने शुक्रवार को सीसीआर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में जनपद की अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की उपस्थिति में विभिन्न अपराधों, उनके खुलासों तथा पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
आईजी राजीव स्वरूप ने जनपद पुलिस द्वारा अपराधों के अनावरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए विवेचनाओं के गुण-दोष के आधार पर समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी सर्किल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के थानों में नियमित अपराध समीक्षा बैठकें आयोजित कर विवेचनाओं की प्रगति की निगरानी करें।
उन्होंने ऑपरेशन प्रहार के तहत जनपद पुलिस के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि मुख्यालय एवं रेंज स्तर से संचालित अभियानों को गंभीरता से लेते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि हरिद्वार जनसंख्या, धार्मिक महत्व और अपराधों की दृष्टि से संवेदनशील जनपद है, इसलिए यहां पुलिसिंग का स्तर भी उच्च होना चाहिए।
चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ती श्रद्धालुओं एवं वाहनों की संख्या को देखते हुए आईजी ने यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जनपद देहरादून पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर आवागमन को सुचारू रखने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान एसएसपी नवनीत सिंह ने आश्वासन दिया कि जनपद पुलिस का प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेगा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएगा।