फेरूपुर चौकी में किया रक्तदान शिविर का आयोजन
हरिद्वार। थाना पथरी की फेरूपुर चौकी में जीवन चैरिटेबल ब्लड सेंटर के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन का आयोजन किया गया।रक्तदान शिविर में पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान दिया।इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान एक ऐसा महादान है जो जरूरतमंद लोगों को नया जीवन प्रदान करता है।साथ ही यह स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी सहायक है। कहा कि उत्तराखंड पुलिस की मित्र पुलिस की अवधारणा केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है,बल्कि समाजसेवा और मानवता की रक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है।

समाज में कानून की भूमिका एवं सड़क सुरक्षा पर चर्चा का आयोजन


हरिद्वार। भारतीय जागरूकता समिति एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा समाज में कानून की भूमिका एवं सड़क सुरक्षा पर विशेष चर्चा का आयोजन किया गया।चर्चा में कई अधिवक्ता एवं गणमान्य लोग शामिल हुए और विचार रखे।भारतीय जागरूकता समिति के अध्यक्ष एवं हाईकोर्ट के अधिवक्ता ललित मिगलानी ने कहा कि आज के युग में समाज के हर क्षेत्र में कानून की जानकारी का होना अति आवश्यक है।उन्होंने कहा कि वर्तमान में सड़क सुरक्षा एक बहुत गंभीर मुद्दा बनता जा रहा है।आए दिन कोई ना कोई युवा सड़क दुर्घटना का शिकार होकर अपनी जान गंवा रहा है।एडवोकेट ललित मिगलानी ने कहा कि सड़क दुघर्टनाओं का सबसे बड़ा कारण गाड़ियों में स्पोर्ट्स मोड जैसे नए और गंभीर फीचर्स हैं।इसलिए उनका मानना है कि बड़ी गाड़ियों या जिन गाड़ियों में एडवांस फीचर्स आ रहे हैं।उनके लिए लाइसेंस की उम्र 18से 25वर्ष की जानी चाहिए,ताकि उन गाड़ियों को चलाने के लिए युवा परिपक्व हो सकें। उसी प्रकार से 1200सीसी से ऊपर की गाड़ियों के लिए 25वर्ष आयु अनिवार्य की जानी चाहिए।विजेंद्र पालीवाल कहा कि आज के युग में हर किसी को कानून और सड़क सुरक्षा संबंधित जानकारी का होना अति आवश्यक है।अधिकांश सड़क दुघर्टनाएं गैर जिम्मेदारी से वाहन चलाने से होती हैं।जिसके लिए जागरुकता एवं कठोर कानून बनाया जाना चाहिए। परिचर्चा में रणजीत सिंह,विनीत चौहान,कपिल मेहता,अनिल कुमार,सिद्धार्थ प्रधान,दीपक पवार, विपुल गोयल,एडवोकेट सीमा,अनीता यादव,एडवोकेट रेनू उपाध्याय,रानी सिंह,रतन सिंह,अरुण पाठक,अनिल भारती आदि ने भी विचार व्यक्त किए।

श्रद्धापूर्वक मनाया गया अरूट महाराज का अवतरण दिवस


हरिद्वार। उत्तरांचल पंजाबी महासभा द्वारा भगत सिंह घाट पर अरूट महाराज का अवतरण दिवस श्रद्धा,भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों और समाज के गणमान्य नागरिकों ने दीप प्रज्ज्वलित कर अरूट महाराज को श्रद्धापूर्वक नमन किया।कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने अरूट महाराज के जीवन आदर्शों तथा अरोड़ समाज के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अरूट महाराज समाज में एकता, सेवा, संस्कार एवं मानव कल्याण के प्रतीक हैं।उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज निरंतर प्रगति एवं उन्नति की ओर अग्रसर है।वक्ताओं ने कहा कि अपनी गौरवशाली विरासत को सहेजना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।इस अवसर पर सभी ने दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से समाज की एकता,संस्कृति एवं परंपराओं को मजबूत बनाने का संकल्प लिया और समाज एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और भाईचारे की कामना की।


मेयर एवं पार्षद ने किया गली के पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ


हरिद्वार। मेयर किरण जैसल एवं वार्ड 44त्रिमूर्ति नगर पार्षद अहसान अंसारी ने फीता काटकर डा.अयूब वाली गली के पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे और गली का पुनर्निर्माण शुरू होने पर मेयर एवं पार्षद का आभार जताया। पिछली बोर्ड बैठक में स्थानीय पार्षद अहसान अंसारी के प्रस्ताव पर गली के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया था।इस अवसर पर मेयर किरण जैसल ने कहा कि नगर निगम शहर के प्रत्येक वार्ड में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए जनप्रतिनिधियों और जनता के सहयोग से विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।वार्ड पार्षद अहसान अंसारी ने कहा कि वार्ड की जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि गली के निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी और आगे भी विकास कार्यों का सिलसिला जारी रहेगा।इस अवसर पर वाजिद अली, वसीम राव,जाफिर अंसारी,पर्यावरण पर्यवेक्षक अखिल कुमार,पर्यावरण पर्यवेक्षक कुसुम पाल, वसीम राव,दानिश अंसारी,रियासत गौड़,आकिल भाई,सलीम सिद्दीकी तथा उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सज्जाद अहमद सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

कुंभ मेला एसएसपी आयुष अग्रवाल ने किया चिन्हित पार्किंग स्थलों का निरीक्षण


हरिद्वार। कंुभ मेला एसएसपी आयुष अग्रवाल ने कुंभ मेले में दिल्ली,हरियाणा,पंजाब की ओर से वाले वाहनों के लिए चिन्हित पार्किंग स्थल चिन्मय डिग्री कॉलेज मैदान और होटल विनायक के सामने की खाली भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया।उन्होंने कुंभ मेला अपर पुलिस अधीक्षक जोधराम जोशी,सीओ ट्रैफिक बिपेंद्र सिंह को पार्किंग स्थलों में मूलभूत आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्थानीय व्यक्तियों के सुझाव को शामिल करते हुए सुदृढ़ यातायात कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए।कुंभ मेला एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि मेला अवधि के दौरान बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यक्तियों की सुविधा के लिए सुव्यवस्थित यातायात प्लान तैयार किया जा रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *