August 31, 2026

कुंभ कार्यों में तेजी, सड़क सुरक्षा पर सख्ती


हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने अवस्थापना एवं निर्माण कार्यों में तेजी ला दी है। अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने भूपतवाला-सप्तसरोवर क्षेत्र की सड़कों, नालियों एवं निर्माणाधीन पुलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता व समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में तेज रफ्तार, नशे में वाहन चलाने और ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। कांवड़ मेले से पूर्व सड़कों की मरम्मत और ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सुधार कार्य करने को कहा गया।
ग्रीनफील्ड हाईवे के लिए 12 गांवों में भूमि खरीद-बिक्री पर रोक

हरिद्वार। प्रस्तावित पानीपत-गोरखपुर ग्रीनफील्ड हाईवे परियोजना के तहत लक्सर तहसील के 12 गांवों में भूमि खरीद-फरोख्त, बैनामा और भूमि उपयोग परिवर्तन पर रोक लगा दी गई है। विशेष भूमि अध्यापित अधिकारी आकाश जोशी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम की धारा-3ए की कार्रवाई पूरी होने तक प्रतिबंध लागू रहेगा। संबंधित क्षेत्रों में अनाधिकृत निर्माण पर भी पूर्ण रोक रहेगी।

अपर जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की बिजली, पेयजल, सड़क, पेंशन और राजस्व संबंधी समस्याएं सुनीं

हरिद्वार। ग्राम पंचायत अकोढ़ा कलां में आयोजितजनता दरबार में अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने ग्रामीणों की बिजली, पेयजल, सड़क, पेंशन और राजस्व संबंधी समस्याएं सुनीं। कई शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
मोबाइल व गुल्लक चोरी में नाबालिग समेत दो पकड़े


हरिद्वार। सिडकुल पुलिस ने मोबाइल फोन और गुल्लक चोरी के मामले में एक नाबालिग सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और सरिए का टुकड़ा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार दोनों नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी करते थे।
सपा कार्यकर्ताओं ने चौधरी चरण सिंह को श्रद्धांजलि दी
हरिद्वार। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पार्टी नेताओं ने उन्हें किसानों, मजदूरों और गरीबों का मसीहा बताते हुए उनके योगदान को याद किया।
नासिक कुंभ में चारधाम मंदिर बनाएगा जूना अखाड़ा


हरिद्वार। श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े की बैठक में नासिक-त्रयंबकेश्वर कुंभ मेले में चारधाम मंदिर निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया। अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरि महाराज ने कहा कि इससे श्रद्धालुओं और युवाओं को सनातन धर्म की महानता का संदेश मिलेगा। बैठक में पार्किंग, घाटों और अन्य निर्माण कार्यों पर भी चर्चा हुई।
वरिष्ठ नागरिक संगठन ने भेल प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन

हरिद्वार। वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन ने भेल के जीएम एचआर संतोष कुमार गुप्ता को आठ सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर अस्पताल सुविधाओं में सुधार, ई-रिक्शा संचालन और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग की। जीएम एचआर ने समस्याओं के शीघ्र समाधान और 12 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति का आश्वासन दिया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *