मुख्यमंत्री ने 483 चयनित अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में सिंचाई एवं कृषि विभाग के अंतर्गत चयनित 483 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 473 पद सिंचाई विभाग तथा 10 पद कृषि विभाग के शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राज्य में लागू नकल विरोधी कानून के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और पिछले साढ़े चार वर्षों में लगभग 33 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।
शोध में नवीन सोच और गहन विश्लेषण जरूरी : दीपक रावत


नैनीताल। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने डीएसबी कैम्पस नैनीताल स्थित हिमालय संग्रहालय का निरीक्षण कर शोधरत छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि शोध के क्षेत्र में निरंतर अध्ययन, नवीन सोच और गहन विश्लेषण अत्यंत आवश्यक है। आयुक्त ने संग्रहालय में संरक्षित ऐतिहासिक धरोहरों, पारंपरिक आभूषणों और प्राचीन उपकरणों का अवलोकन करते हुए संग्रहालय विस्तार के लिए अतिरिक्त भूमि चिन्हित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की ऐतिहासिक धरोहरें नई पीढ़ी को संस्कृति और इतिहास से जोड़ने का कार्य करती हैं।
कुंभ-2027 को लेकर हर की पैड़ी पुनर्विकास परियोजनाओं की समीक्षा


हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हर की पैड़ी, रोड़ीबेलवाला एवं उत्तर हर की पैड़ी क्षेत्र के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों को लेकर मेला अधिकारी सोनिका ने समीक्षा बैठक कर स्थलीय निरीक्षण किया। लगभग 194 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत परियोजनाओं में घाटों का निर्माण, वॉकवे, सीवेज एवं ड्रेनेज सिस्टम, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मेला अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी कार्य कुंभ मेला-2027 से पूर्व समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं तथा निर्माण कार्यों के दौरान गंगा दर्शन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *