जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर,अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील
देहरादून। प्रदेश में लगातार बढ़ रहे तापमान और हीट वेव के प्रभाव से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। मौसम विभाग ने आगामी 48घंटों के दौरान कई जिलों में भीषण गर्मी और हीट वेव की संभावना को देखते जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।बढ़ती गर्मी को देखते हुए चिकित्सकों ने विशेष रूप से बच्चों,बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।मौसम विभाग के अनुसार देहरादून,हरिद्वार,पौड़ी गढ़वाल, उधमसिंह नगर,नैनीताल तथा उत्तरकाशी के कुछ क्षेत्रों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है।मौसम निर्देशक सी.एस.तोमर ने बताया कि मैदानी जिलों में तापमान 40डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच सकता है,जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान 30डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने की संभावना है।राजधानी देहरादून में विगत बुधवार सुबह से ही तेज गर्मी और बढ़ते तापमान का असर महसूस किया गया।जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों और चिकित्सा इकाइयों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ.एस.के झा ने लोगों से दोपहर 11बजे से शाम 4बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है।उन्होंने कहा कि यदि अत्यंत आवश्यक कार्य से बाहर जाना पड़े तो सिर को छाते या कपड़े से ढकें तथा चेहरे को मास्क या सूती कपड़े से सुरक्षित रखें।डॉ.झा ने शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी एवं तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी।उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में तरबूज,नींबू पानी,जलजीरा,नारियल पानी और अन्य पानीयुक्त फलों का सेवन लाभकारी रहेगा।उन्होंने बताया कि हीट वेव के दौरान चक्कर आना,सिरदर्द,तेज बुखार,उल्टी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत निकटतम चिकित्सालय में संपर्क करना चाहिए ,क्योंकि छोटी सी लापरवाही भी गंभीर स्वास्थ्य समस्या का कारण बन सकती है।जिला प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें तथा गर्मी से बचाव के सभी आवश्यक उपाय अपनाएं।जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों पर हीट वेव से संबंधित सहायता एवं शिकायतों के लिए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सक्रिय कर दिया गया है।आमजन सहायता हेतु हेल्पलाइन नंबर 2726066,2626066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर संपर्क कर सकते हैं।