सिडकुल पुलिस ने मोबाइल चोर को दबोचा, दो फोन बरामद
हरिद्वार। थाना सिडकुल पुलिस ने मोबाइल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी अनस (निवासी दौड़वासी, रोशनाबाद) को सूर्य नगर तिराहा झुग्गी के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने नशे के खर्चों को पूरा करने के लिए 20 मई को मोहम्मद सुल्तान और अभिषेक यादव के घर से मोबाइल चोरी किए थे। पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक हरीशचंद्र और कांस्टेबल मनीष कुमार शामिल रहे।
चारधाम यात्रा व गंगा दशहरा को लेकर रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर सघन चेकिंग

हरिद्वार। आगामी चारधाम यात्रा और गंगा दशहरा स्नान पर्व की सुरक्षा के दृष्टिगत एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर बम डिस्पोजल स्क्वाड (BDS) और डॉग स्क्वाड की टीमों ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। टीमों ने ऋषिकुल स्थित चारधाम यात्रा रजिस्ट्रेशन केंद्र, मुख्य बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर खोजी कुत्तों व आधुनिक उपकरणों की मदद से संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और वाहनों की गहन जांच की।
हरिद्वार कोचिंग एसोसिएशन की बैठक: कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य करने पर जोर

हरिद्वार। शील इंस्टीट्यूट (रानीपुर शाखा) में हरिद्वार कोचिंग एसोसिएशन की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष विभास सिन्हा ने शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सभी कोचिंग संचालकों से एकजुट होने का आह्वान किया। वहीं सचिव राकेश ने छात्रों की सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए सभी संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए। बैठक में जनपद के कई प्रमुख कोचिंग संचालक मौजूद रहे।
नगर आयुक्त ने किया हरकी पैड़ी और ब्रह्मपुरी क्षेत्र का निरीक्षण, अतिक्रमण की चेतावनी

हरिद्वार। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने नगर निगम की टीम के साथ अपर रोड, ब्रह्मपुरी तथा हरकी पैड़ी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। आगामी गंगा दशहरा पर्व पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए नगर आयुक्त ने सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूरे क्षेत्र को विभिन्न जोन में बांटकर सफाई निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई है। साथ ही दुकानदारों को सार्वजनिक मार्गों और घाटों पर अतिक्रमण न करने व गंदगी फैलाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।