जिलाधिकारी व एसएसपी ने किया अपर रोड का निरीक्षण

​हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने अपर रोड और मनसा देवी उड़न खटोला मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि कोई भी दुकान नाली के बाहर या फुटपाथ पर न लगाई जाए। डीएम ने उड़न खटोला प्रबंधक को टिकट घर के आसपास से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए और सीवरेज कार्य में तेजी लाने को कहा ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में असुविधा न हो।

कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की समीक्षा

​शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने हरिद्वार में कुंभ मेला 2027 की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट किया कि सरकार कुंभ को भव्य और दिव्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में बताया गया कि ₹300 करोड़ की राज्य योजनाएं और ₹500 करोड़ की केंद्र सहायता से कार्य कराए जा रहे हैं। सुरक्षा के लिए 32 सेक्टरों में अस्थायी थाने बनेंगे और 13 हजार टॉयलेट्स की व्यवस्था की जाएगी। मंत्री ने प्रमुख संतों से भेंट कर कुंभ के सफल आयोजन हेतु आशीर्वाद भी लिया।

अल्पसंख्यक समुदाय के प्रतिनिधियों ने मंत्री का किया स्वागत

समाज कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास के हरिद्वार आगमन पर अल्पसंख्यक समुदाय के प्रतिनिधिमंडल ने उनका स्वागत किया। बैठक के दौरान प्रतिनिधियों ने मदरसा बोर्ड में धार्मिक शिक्षा को शामिल न करने संबंधी मांग पत्र सौंपा। मंत्री ने आश्वस्त किया कि जल्द ही उच्चस्तरीय बैठक बुलाकर समुदाय की शंकाओं का समाधान किया जाएगा। इस दौरान विधायक मोहम्मदखमठखठखखय़ पसंद शहजाद और सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते भी मौजूद रहे।

विश्व पृथ्वी दिवस पर विधिक सेवा प्राधिकरण का आयोजन

​विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा पौधारोपण और स्वच्छता अभियान चलाया गया। जनपद न्यायाधीश नरेंद्र दत्त ने पर्यावरण संरक्षण को सभी की नैतिक जिम्मेदारी बताते हुए विधिक सेवा परिसर में पौधरोपण किया। कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बीएचईएल में राजभाषा हिंदी पर कार्यशाला

​बीएचईएल हरिद्वार में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) के तत्वावधान में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। महाप्रबंधक संतोष कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में 35 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला में विशेषज्ञों ने प्रयोजनमूलक हिंदी, राजभाषा अधिनियम और हिंदी ई-टूल्स के प्रभावी प्रयोग पर प्रकाश डाला। संस्थान ने राजभाषा के प्रचार-प्रसार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *