महिला आरक्षण के नाम पर देश को गुमराह कर रही भाजपा: महानगर कांग्रेस
हरिद्वार। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने भाजपा पर महिला आरक्षण के मुद्दे पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया है। प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल 2023 में संसद में सर्वसम्मति से पारित हो चुका है, लेकिन सरकार इसे लागू करने के बजाय डीलिमिटेशन (परिसीमन) की आड़ में राजनीतिक लाभ लेना चाहती है।
अमन गर्ग ने कहा कि भाजपा की नीयत साफ नहीं है। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड, हाथरस और उन्नाव जैसे मामलों का जिक्र करते हुए भाजपा पर महिलाओं के प्रति दोहरी मानसिकता रखने का आरोप लगाया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुरली मनोहर ने मांग की कि सरकार 2023 के बिल के आधार पर वर्तमान सीटों पर ही 33 प्रतिशत आरक्षण तुरंत लागू करे। इस दौरान राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष संतोष चौहान, अंजू मिश्रा और महेश प्रताप राणा सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हरिद्वार में धूमधाम से मनाई गई आद्य शंकराचार्य की 1238वीं जयंती

हरिद्वार। जगद्गुरु आद्य शंकराचार्य स्मारक समिति के तत्वावधान में शंकराचार्य चौक पर आद्य शंकराचार्य की 1238वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री विग्रह पूजन के साथ हुआ, जिसमें अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी, स्वामी ललितानंद गिरी और श्रीमहंत देवानंद सरस्वती सहित कई संतों ने पुष्पांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए निर्वाण पीठाधीश्वर स्वामी विशोकानंद भारती महाराज ने कहा कि आद्य शंकराचार्य शिव के स्वरूप थे, जिन्होंने भारत को सांस्कृतिक एकता के सूत्र में पिरोया। श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने कहा कि शंकराचार्य ने सनातन वैदिक धर्म की पुनः स्थापना की और संन्यास परंपरा का सृजन किया। इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी गिरधर गिरी, स्वामी हरिचेतनानंद और स्वामी संतोषी माता सहित बड़ी संख्या में संत समाज उपस्थित रहा।
एचआरडीए की कार्यशैली से व्यापारी नाराज, आंदोलन की चेतावनी

हरिद्वार। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। जिलाध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि विभाग ने चार महीने पहले युवा प्रकोष्ठ के तहसील अध्यक्ष किशन बजाज के मकान को सील किया था, लेकिन बार-बार चक्कर काटने के बावजूद न तो सील खोली जा रही है और न ही कोई स्पष्ट जानकारी दी जा रही है।
तहसील अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने आरोप लगाया कि विभाग बदले की भावना से काम कर रहा है और गाइडलाइन के नाम पर उत्पीड़न किया जा रहा है। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही न्याय नहीं मिला, तो संगठन सड़कों पर उतरकर उग्र विरोध प्रदर्शन करेगा। बैठक में प्रवीण शर्मा, योगेश भारद्वाज और मयंक मूर्ति भट्ट सहित कई व्यापारी नेता मौजूद रहे।
जेईई मेन में आकाश इंस्टीट्यूट के छात्रों का दबदबा; आयुष बर्दिया ने मारी बाजी

हरिद्वार। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा घोषित जेईई मेन सेशन-2 के परिणामों में आकाश एजुकेशनल इंस्टीट्यूट, हरिद्वार के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। संस्थान के छात्र आयुष बर्दिया ने 99.92 परसेंटाइल के साथ ऑल इंडिया 1271वीं रैंक हासिल कर शहर का मान बढ़ाया है।
इसके साथ ही इशिता गुप्ता (99.15), इंद्रनील गांगुली (99.6), भाव्या अग्रवाल (99.2) और अद्रिजा साहा (99.0) सहित कई अन्य छात्रों ने भी शानदार अंक प्राप्त किए। संस्थान के एकेडमिक हेड अमित कुमार ने सफल छात्रों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया और कहा कि यह परिणाम छात्रों की कड़ी मेहनत और संस्थान के शैक्षणिक वातावरण की जीत है।