देवभूमि उत्तराखंड में होने वाली चारधाम यात्रा को लेकर देशभर के श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में योग गुरु बाबा रामदेव ने यात्रा को लेकर बड़ा बयान देते हुए इसे सनातन आस्था का महापर्व बताया है।
बाबा रामदेव ने कहा कि बद्री-केदार और हरिद्वार जैसे पवित्र धाम भगवान शिव की आराधना के प्रमुख केंद्र हैं और इन स्थानों का धार्मिक महत्व अत्यंत विशेष है। उन्होंने कहा कि इस बार चारधाम यात्रा में करोड़ों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है, जिससे पूरे देश में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।
उन्होंने आगामी महाकुंभ का भी उल्लेख करते हुए इसे एक विशाल आध्यात्मिक आयोजन बताया। बाबा रामदेव के अनुसार, उत्तराखंड तेजी से देश के प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र के रूप में उभर रहा है, जिससे सनातन धर्म की प्रतिष्ठा और भी मजबूत होगी।
उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार ने इस बार यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।
बाबा रामदेव ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अधिक संख्या में चारधाम यात्रा में शामिल होकर भगवान के दर्शन करें और पुण्य लाभ प्राप्त करें। उन्होंने भरोसा जताया कि इस बार यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।