हरिद्वार। चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले हरिद्वार शहर की सूरत बदलने वाली है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों के बाद सीवरेज कार्य के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत का काम अब युद्धस्तर पर दिन-रात किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यात्रा शुरू होने से पहले किसी भी हाल में सड़कों का सुधार कार्य पूर्ण हो जाना चाहिए ताकि स्थानीय व्यापारियों, जनता और तीर्थयात्रियों को आवागमन में कोई असुविधा न हो।
उत्तराखंड पेयजल निगम की परियोजना प्रबंधक मीनाक्षी मित्तल ने बताया कि पिछले 24 घंटों के भीतर ही पैकेज-01 और पैकेज-02 के तहत कुल 437 मीटर सड़क निर्माण का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसमें मुखिया गली, शांति मार्ग, ऋषिकुल (BT रोड), लोकसेवा आयोग रोड और शिवानीपुरम जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं। विभाग द्वारा जिलाधिकारी की प्राथमिकताओं के अनुरूप निर्माण कार्यों में अत्यधिक तेजी लाई गई है।