चारधाम यात्रा से पूर्व हर की पैड़ी पर मां गंगा की पूजा-अर्चना
हरिद्वार: चारधाम यात्रा के शुभारंभ से एक दिन पूर्व गढ़वाल मंडलायुक्त विनय शंकर पांडे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने हर की पैड़ी पर मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना कर यात्रा के निर्विघ्न, सुरक्षित और सफल संचालन की प्रार्थना की।
अधिकारियों ने बताया कि हरिद्वार चारधाम यात्रा का प्रवेश द्वार है, जहां से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आगे बढ़ते हैं। प्रशासन द्वारा सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है और ऋषिकुल मैदान में पंजीकरण केंद्र स्थापित किए गए हैं। इस वर्ष भी यात्रा में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, ट्रैफिक और सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
चारधाम यात्रा से पहले यात्री वाहनों की सघन चेकिंग, 203 चालान

हरिद्वार: चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिले में बाहरी राज्यों से आने वाले यात्री वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और नोडल परिवहन अधिकारी संदीप सैनी के निर्देशन में एआरटीओ निखिल शर्मा और नेहा झा के नेतृत्व में संचालित हुआ।
अभियान के दौरान 203 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर उल्लंघनों पर 19 वाहनों को सीज किया गया। जांच में बिना दस्तावेज, ओवरलोडिंग और फिटनेस से जुड़ी अनियमितताएं सामने आईं।
ऋषिकुल मैदान स्थित पंजीकरण केंद्र: ताजा अपडेट

ऋषिकुल मैदान स्थित पंजीकरण केंद्र पर दूसरे दिन 1493 यात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण कराया। दो दिनों में कुल 2536 यात्रियों ने पंजीकरण करवाया।
3.
पंतद्वीप क्षेत्र में अतिक्रमण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

हरिद्वार: चारधाम यात्रा-2026, कांवड़ मेला-2026 और कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत कुम्भ मेला प्रशासन ने पंतद्वीप क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। उप मेला अधिकारी आकाश जोशी के नेतृत्व में नगर निगम, एचआरडीए, सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
अभियान के दौरान 35 अस्थायी दुकानों और 57 रेहड़ियों को हटाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध कब्जों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।