हरिद्वार। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के आगामी पांच दिवसीय उत्तराखंड दौरे को लेकर पार्टी की गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मंगलवार को हरिद्वार के जयराम आश्रम में कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
गोदियाल ने कहा कि कुमारी शैलजा का यह दौरा आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। पीसीसी कमेटी के गठन में हो रही देरी पर उन्होंने स्पष्ट किया कि पांच राज्यों के चुनाव में व्यस्तता के कारण यह प्रक्रिया रुकी हुई थी, जो जल्द ही पूरी कर ली जाएगी। गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी जल्द ही जनता के बीच जाकर पार्टी की मुहिम को मजबूती देंगे। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस 2027 में प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। इस दौरान उन्होंने असम, केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में भी कांग्रेस गठबंधन की जीत का भरोसा जताया!