लैंड फ्रॉड पर गढ़वाल कमिश्नर सख्त: 5 में एफआईआर, दो एसडीएम से जवाब तलब

​गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय ने देहरादून में लैंड फ्रॉड समन्वय समिति की बैठक ली। इसमें कुल 51 मामलों का निस्तारण किया गया और 5 गंभीर मामलों में एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए। बैठक में भू-माफियाओं द्वारा एक ही खसरे की जमीन दो लोगों को बेचने और राजस्थान के व्यक्तियों द्वारा रुद्रप्रयाग में नियमों के विरुद्ध होटल निर्माण जैसे खेल उजागर हुए। कमिश्नर ने बैठक से अनुपस्थित रहने पर एसडीएम सदर और एसडीएम ऋषिकेश से स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही, तहसीलदार ऋषिकेश को जानकारी न होने पर तत्काल मौके पर भेजकर एक घंटे में रिपोर्ट मांगी।

डीएम का जनता दर्शन: बुजुर्ग की बिल माफी और विधवा को मुआवजे की पहल

​जिलाधिकारी सविन बंसल के ‘जनता दर्शन’ में 212 से अधिक शिकायतें आईं। डीएम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए एक 82 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग के 31 हजार रुपये के पानी के बिल का वन-टाइम सेटलमेंट करवाकर शेष राशि रायफल फंड से भरने के निर्देश दिए। वहीं, एक महिला के पति की होटल में हुई मृत्यु के मामले में एएलसी को एफआईआर और मुआवजे की कार्यवाही के आदेश दिए। इसके अलावा, प्रताड़ित बुजुर्ग दंपत्ति और आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की शिक्षा के लिए भी तत्काल मौके पर निर्देश जारी किए गए।

विवाह समारोह में गैस सिलेंडर के लिए देना होगा शपथ पत्र

​जिला प्रशासन ने शादी-ब्याह के लिए गैस सिलेंडर के नियमों में बदलाव किया है। अब विवाह समारोह हेतु अधिकतम 2 व्यावसायिक सिलेंडर मिल सकेंगे, जिसके लिए 10 रुपये के स्टाम्प पेपर पर शपथ पत्र, शादी का कार्ड और आधार कार्ड देना अनिवार्य होगा। डीएम सविन बंसल ने गैस एजेंसियों को 10% स्टॉक सुरक्षित रखने और छोटे दुकानदारों/श्रमिकों के लिए 5 किग्रा के सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

घरेलू गैस की कालाबाजारी पर डीएम की क्यूआरटी का छापा 

एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए जिलाधिकारी द्वारा गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर 4 घरेलू सिलेंडर जब्त किए। कंट्रोल रूम के व्हाट्सएप नंबर और हेल्पलाइन पर मिली 13 शिकायतों पर त्वरित एक्शन लिया गया। जिले में वर्तमान में पर्याप्त मात्रा में घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति निरंतर बढ़ाई जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *