हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद घिनौनी घटना सामने आई है, जहाँ एक 60 वर्षीय कलयुगी पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ बार-बार दुष्कर्म किया। इस भयानक करतूत का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता गर्भवती हो गई। मामले में चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब यह भी सामने आया कि नाबालिग के इंस्टाग्राम पर बने प्रेमी ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया है। हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पिता ने गर्भपात की दवा खिलाकर छिपाने की कोशिश की करतूत
अपनी घिनौनी करतूत को छिपाने के लिए आरोपी पिता, जो पेशे से पेंटर है, ने नाबालिग बेटी को गर्भपात की दवा खिला दी। दवा के कारण पीड़िता की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल ले गए। अस्पताल में डॉक्टरों की पूछताछ के दौरान इस पूरे दुष्कर्म के मामले का खुलासा हुआ। जानकारी के अनुसार, आरोपी पिता चार बेटियों का पिता है, जिनमें से तीन की शादी हो चुकी है, और चौथी पीड़िता नाबालिग है। बताया जाता है कि कुछ साल पहले आरोपी की पत्नी की मौत हो गई थी।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में नाबालिग के प्रेमी प्रियांश ने भी पीड़िता की अस्मत से खिलवाड़ किया। आरोपी प्रियांश की मुलाकात लड़की से कुछ साल पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी, जिसकी जानकारी लड़की के घरवालों को भी थी। कनखल पुलिस ने इस प्रेमी प्रियांश को भी नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।