हरिद्वार: भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने दावा किया है कि धामी और मोदी सरकार के बीच बेहतर समन्वय के चलते उत्तराखंड में शिक्षा, चिकित्सा, सड़क और रेल कनेक्टिविटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में हजारों करोड़ रुपये की केंद्रीय योजनाओं का लाभ मिला है और राज्य तेजी से विकास कर रहा है।
शंकर आश्रम के समीप पत्रकारों से बात करते हुए जोशी ने राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने बताया कि विकास कार्य धरातल पर दिख रहे हैं और किसी भी विभाग में बजट की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार 2027 में हरिद्वार में होने वाले अर्धकुंभ मेले को भव्य और दिव्य बनाने की तैयारी में जुटी है।
जोशी ने अतिक्रमण हटाकर देवभूमि का स्वरूप बिगड़ने से बचाने और देश में सबसे पहले समान नागरिक संहिता (UCC) कानून लाने को धामी सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 25 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है और पर्यटन के क्षेत्र में भी बेहतर काम हो रहा है। जल्द ही ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन शुरू होगी और पिथौरागढ़ जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में मेडिकल कॉलेज बनाए गए हैं।