हरिद्वार, 23 अगस्त। ज्वालापुर से कांग्रेस विधायक रवि बहादुर ने प्रेस क्लब में पत्रकारों से बात करते हुए सरकार पर संवाद से भागने और तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मानसून सत्र सिर्फ एक दिखावा था, जिसमें सरकार ने संख्या बल के आधार पर विपक्ष को बोलने नहीं दिया।
रवि बहादुर ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के साथ दुर्व्यवहार और विधायकों पर मुकदमे दर्ज होने पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, खनन और किसानों के मुद्दों पर चर्चा से बच रही है। उन्होंने नैनीताल में पंचायत चुनाव में हुई गुंडागर्दी और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए।
कांग्रेस विधायक के अनुसार, सरकार अपनी कमियों को छिपाने के लिए सांप्रदायिक माहौल खराब कर रही है। ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजीव चौधरी और पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने भी सत्र को जल्दी समाप्त करने की आलोचना की और कहा कि सरकार विपक्ष के मुद्दों से भाग रही है।