हरिद्वार पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामपुर चुंगी स्थित होटल राजमहल में चल रहे एक बड़े कैसीनो का भंडाफोड़ किया है। गंगनहर और भगवानपुर पुलिस के संयुक्त अभियान में 24 पुरुषों और 8 महिलाओं को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने मौके से लगभग पौने तीन लाख रुपये (2,74,600 रुपये) नकद सहित कैसीनो कॉइन, ताश की गड्डियां और एंट्री कार्ड भी बरामद किए हैं।
पुलिस टीम के अचानक होटल पहुंचने पर वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। पूछताछ में सामने आया कि ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विशेष रूप से महिलाओं को रखा गया था, जो शॉर्ट ड्रेसेस में ड्रिंक्स सर्व करने और ताश के पत्ते बांटने का काम करती थीं। गिरफ्तार किए गए लोगों में 25 वर्ष के युवा से लेकर 62 वर्ष के बुजुर्ग तक शामिल हैं।
होटल राजमहल को सील कर दिया गया है और फरार होटल मालिक सहित एक कथित पूर्व पार्षद की तलाश जारी है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।