
हरिद्वार, 25 जून 2025: भारत सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के सुचारु संचालन के लिए आज हरिद्वार में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में CDO सभागार में हुई इस बैठक में कार्यक्रम की प्रगति और संबंधित समस्याओं पर गहन चर्चा की गई।
बैठक में CDO कोंडे ने RBSK कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। इनमें ब्लॉक स्तर पर मासिक समन्वय बैठकों का आयोजन, चिकित्सा अधीक्षक, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, CDPO और RBSK टीम द्वारा अपनी रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) हरिद्वार को उपलब्ध कराना शामिल है।
यह भी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया कि सभी सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में अग्रिम यात्रा भ्रमण के अनुसार ही स्वास्थ्य परीक्षण किए जाएं। इसके अतिरिक्त, RBSK कार्यक्रम के तहत संदर्भित बच्चों का समय पर फॉलो-अप और उन्हें कार्यक्रम का अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरिद्वार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नोडल अधिकारी RBSK, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी (महिला एवं बाल विकास), जिला कार्यक्रम प्रबंधक (NHM), समस्त विकास खंड शिक्षा अधिकारी, समस्त CDPO, समस्त चिकित्सा अधिकारी RBSK और RBSK प्रबंधक सहित कई अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।