अल्मोड़ा: उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशन और माननीय अध्यक्ष महोदय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अल्मोड़ा श्री श्रीकांत पाण्डेय जी के मार्गदर्शन में जनपद अल्मोड़ा में ‘सुरक्षित दवा: सुरक्षित जीवन’ अभियान शुरू किया जा रहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा की सचिव सुश्री शचि शर्मा के आदेशानुसार, इस अभियान के तहत आज और कल, यानी 28 और 29 अप्रैल 2025 को दो दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान लोगों को समाप्ति तिथि के बाद दवाओं के इस्तेमाल से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त, सचिव सुश्री शचि शर्मा ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा द्वारा ड्रग इंस्पेक्टर और स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मिलकर जनपद के मेडिकल स्टोरो का संयुक्त औचक निरीक्षण भी किया जाएगा। इस निरीक्षण का उद्देश्य दवाओं की गुणवत्ता और उनके सुरक्षित भंडारण को सुनिश्चित करना है।
एक अन्य महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए सचिव महोदया ने बताया कि आगामी 10 मई 2025 को जनपद के सभी न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। इस लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के मामलों को आपसी सहमति और सुलह समझौते के आधार पर निपटाया जाएगा। उन्होंने आम जनता से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।