हरिद्वार: भेल, सै-4 के दशहरा मैदान में भागीरथ जनकल्याण सेवा समिति द्वारा आयोजित भागीरथ महोत्सव मेला-2025 अपने अंतिम दिनों में भी लोगों का उत्साह बनाए हुए है। 27 मार्च से शुरू हुआ यह 35 दिवसीय मेला 30 अप्रैल को संपन्न होगा, लेकिन अब भी प्रतिदिन भारी संख्या में लोग झूलों, स्वादिष्ट व्यंजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने पहुंच रहे हैं।
मेला में शानदार झूले और खाने-पीने के स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वहीं, संस्था द्वारा आयोजित सांस्कृतिक संध्या में लोकप्रिय और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां लोगों को खूब लुभा रही हैं, जिसके चलते शाम 7 बजे से मध्यरात्रि तक मेले में खूब भीड़ जुट रही है। सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष मनोज यादव ने बताया कि लोगों का उत्साह अंतिम चरण में भी कम नहीं हुआ है। वरिष्ठ समाजसेवी रंजीता झा ने इस आयोजन को भारतीय परंपरा का निर्वहन बताते हुए इसकी सराहना की है। संस्था के पदाधिकारी मेला को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में जुटे हुए हैं।