September 30, 2026

कुमाऊँ कमिश्नर दीपक रावत ने किया रामनगर नगर पालिका का औचक निरीक्षण
रामनगर: कुमाऊँ मंडलायुक्त दीपक रावत ने नगर पालिका परिषद रामनगर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण, अभिलेखों के रखरखाव, फुटपाथ पर अनधिकृत अतिक्रमण और बंद पड़ी रोड क्लीनिंग मशीन को लेकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
कमिश्नर ने कूड़ा निस्तारण में पारदर्शिता के लिए कांटे पर सीसीटीवी लगाने, लेबर इंस्पेक्टर को ठेकेदार का चालान करने तथा सफाई कर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज होने तक ईओ (अधिशासी अधिकारी) का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
रामनगर पशु बाजार में भारी अनियमितता, 19 सितम्बर से संचालन पर रोकरामनगर: नगर पालिका रामनगर के निरीक्षण के दौरान पशु बाजार में बड़ी अनियमितताएं सामने आईं। मानकों के विपरीत एक वाहन में तीन पशुओं का परिवहन किया जा रहा था, जिनका न तो स्वास्थ्य परीक्षण हुआ था और न ही अनुमति ली गई थी।
मंडलायुक्त दीपक रावत ने प्रभारी अधिशासी अधिकारी को संबंधितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए। साथ ही व्यवस्थाओं में सुधार होने तक 19 सितम्बर से पशु बाजार को बंद रखने के आदेश दिए।
जाट समिति गठित रामनगर नगर पालिका के कार्यों की जाँच हेतु समिति गठित
रामनगर/हल्द्वानी: कूड़ा एवं सिंगल यूज़ प्लास्टिक निस्तारण, ब्लीचिंग पाउडर व अन्य रसायनों की खरीद-स्टॉक और बायोमेट्रिक उपस्थिति की जाँच के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जाँच समिति का गठन किया है।
उप जिलाधिकारी रामनगर की अध्यक्षता वाली यह समिति 15 दिनों के भीतर अपनी तथ्यात्मक और अभिलेखीय जाँच आख्या जिलाधिकारी कार्यालय को सौंपेगी।
आयुक्त दीपक रावत ने किया मतदाता सूची पुनरीक्षण फॉर्मों का सुपर चेकिंग
रामनगर: कुमाऊँ मंडल आयुक्त दीपक रावत ने विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत प्राप्त प्रारूप 6, 7 एवं 8 के दावों और आपत्तियों का सुपर चेकिंग किया।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा, जिसके बाद पात्र नागरिक नए पंजीकरण या संशोधन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित
हल्द्वानी: आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में बताया गया कि जनपद में उपलब्ध ईवीएम और वीवीपीएटी (EVM & VVPAT) की प्रथम स्तरीय जाँच (FLC) 20 अक्टूबर 2026 से संभावित है, जिसमें राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधि भाग ले सकेंगे।
सांसद अजय भट्ट ने किया ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारम्भ
हल्द्वानी: ब्लॉक सभागार हल्द्वानी में सांसद अजय भट्ट ने सेवा संकल्प अभियान का शुभारम्भ किया। इस दौरान 24 विभागों के स्टॉलों के माध्यम से 467 लोगों को सीधे लाभान्वित किया गया और शिविर में आईं 288 में से 268 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
कार्यक्रम में रीप परियोजना के तहत 16 महिला लाभार्थियों को स्वरोजगार हेतु चेक तथा महालक्ष्मी किट भी वितरित किए गए।
तहसील रामनगर के निरीक्षण में लापरवाही पर तहसीलदार से माँगा स्पष्टीकरण
रामनगर: मंडलायुक्त दीपक रावत ने तहसील कार्यालय रामनगर का निरीक्षण कर लंबित राजस्व वादों की समीक्षा की। अधिकांश दाखिल-खारिज पत्रावलियों के 35वें दिन निरस्त होने पर कमिश्नर ने सख्त रुख अपनाते हुए तहसीलदार से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।
उन्होंने भू-उपयोग परिवर्तन (धारा-143) के लंबित मामलों को 10 दिन के भीतर निस्तारित करने के आदेश दिए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *