हरिद्वार। झबरेड़ा कोतवाली क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां अमन नाम के एक युवक ने अपनी सगी बहन रूपा और गांव के ही एक अन्य युवक सूरज को गोलियों से भून दिया। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार सुबह करीब पौने नौ बजे की है। अचानक गोलियों की आवाज सुनकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। जब परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो रूपा और सूरज खून से लथपथ पड़े थे। ग्रामीणों ने तुरंत दोनों घायलों को झबरेड़ा के स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान सूरज (पुत्र अशोक) को मृत घोषित कर दिया। वहीं रूपा की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही झबरेड़ा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेज दिया है और मामले की गहनता से छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस आरोपी अमन की तलाश में जुटी है और उसके ठिकाने के बारे में जानकारी एकत्र कर रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस प्रेम-प्रसंग समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है। एक साथ दो मौतों के बाद से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
