September 22, 2026

नैनीताल: नगर पालिका ने चलाया ‘सेल्फी विद जूट बैग’ अभियान
नैनीताल: मां नंदा देवी महोत्सव के अवसर पर नगर पालिका परिषद नैनीताल द्वारा पर्यावरण संरक्षण और सिंगल-यूज प्लास्टिक के प्रयोग को रोकने के लिए ‘सेल्फी विद जूट बैग’ जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा बनाए गए आकर्षक जूट और कपड़े के बैगों की प्रदर्शनी लगाई गई। अभियान में स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने बैग के साथ सेल्फी लेकर पर्यावरण सुरक्षा और नैनीताल झील व प्राकृतिक सौंदर्य को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया।
हल्द्वानी: महिला उद्यमियों के लिए एक दिवसीय उद्यमिता बूट कैंप आयोजित


हल्द्वानी: नगर निगम सभागार में आईआईएम काशीपुर (फीड) और उत्तराखंड ग्रामीण विकास समिति (यूजीवीएस) के सहयोग से ‘रीप’ परियोजना के तहत एक दिवसीय उद्यमिता बूट कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रो. जगदीश प्रसाद साहू, विशिष्ट अतिथि पीडी शिल्पी पंत और प्रो. के.के. पांडेय द्वारा किया गया। बूट कैंप में महिला प्रतिभागियों को व्यवसाय विकास, नवाचार, वित्तीय प्रबंधन और बाजार से जुड़ाव के संबंध में विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया गया। इस दौरान महिलाओं ने अपने व्यावसायिक विचारों का प्रस्तुतीकरण भी किया।
रामनगर: खाद्य विभाग का मीट व मिठाई की दुकानों पर औचक निरीक्षण, थमाए नोटिस


रामनगर: जनस्वास्थ्य और शुद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खताड़ी स्थित 7 मीट और मिठाई की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। वरिष्ठ खाद्य संरक्षा अधिकारी असलम खान के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान मिलावट की जांच हेतु मिठाई का 1 सैंपल लैब भेजा गया। वहीं, मौके पर वैध खाद्य लाइसेंस प्रस्तुत न करने पर 6 मीट कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत 7 दिनों का सुधारात्मक नोटिस जारी किया गया है। निर्धारित समय में लाइसेंस न बनवाने पर भारी जुर्माने व कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *