September 12, 2026

हरिद्वार। आगामी कुंभ मेले को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने और शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिला प्रशासन का बुलडोजर लगातार दूसरे दिन भी सड़कों पर नजर आया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों के बाद प्रशासनिक टीम ने शनिवार को शहर के व्यस्ततम इलाकों में व्यापक अतिक्रमण रोधी अभियान चलाया।

​नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि के नेतृत्व में निकली जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने वाल्मीकि चौक से लेकर शिवमूर्ति चौक तक सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। प्रशासनिक टीम की मौजूदगी देखते ही फुटपाथ पर दुकान सजाने और सड़क पर सामान फैलाने वाले अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कई व्यापारियों ने कार्रवाई से डरकर खुद ही सामान समेटना शुरू कर दिया, जबकि अन्य स्थानों पर टीम ने सख्ती दिखाते हुए मशीनरी (पीले पंजे) की मदद से अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया।

​नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि सरकारी भूमि, फुटपाथ और मुख्य मार्गों पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर को अतिक्रमणमुक्त और आमजन के आवागमन के लिए सुगम बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों ने सभी दुकानदारों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की हिदायत भी दी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *